
Republic Day 2022 parade guidelines Unvaccinated people Not allowed
देशभर में 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस धूमधाम से मनाया जाएगा। कोरोना महामारी का साया तमाम त्योहारों के साथ खास मौकों पर दिखाई दिया है। यही वजह है कि देश में बढ़ते कोविड मामलों के बीच दिल्ली पुलिस ने इस वर्ष भी कोरोना के मामलों को ध्यान में रखते हुए गणतंत्र दिवस पर आयोजित किए जाने वाले परेड समारोह के लिए खास दिशा निर्देश जारी किए हैं। दिल्ली पुलिस की ओर से जारी गाइडलाइन के मुताबिक राजपथ पर गणतंत्र दिवस परेड में शामिल होने वाले लोगों का कोविड के खिलाफ पूरी तरह से टीकाकरण होना आवश्यक है। यानी कोरोना की दोनों वैक्सीन ले चुके लोग ही इस बार परेड देखने जा सकेंगे। इसके साथ ही 15 वर्ष से छोटी उम्र के बच्चों को समारोह में शामिल होने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
कोरोना के बढ़ते खतरे का असर इस बार भी गणतंत्र दिवस समारोह पर दिखाई पड़ रहा है। यही वजह है कि दिल्ली पुलिस ने खास दिशा निर्देश जारी किए हैं। इन दिशा निर्देशों के मुताबिक 26 जनवरी को राजपथ पर होने वाले कार्यक्रम में लोगों को सभी कोविड-प्रोटोकॉल का पालन करना अनिवार्य किया गया है। जैसे फेस मास्क पहनना और सामाजिक दूरी बनाए रखना जरूरी होगा। दिल्ली पुलिस कमिश्नर राकेश अस्थाना ने इन नियमों में किसी भी तरह के उल्लंघन को लेकर भी सख्त कार्रवाई के निर्देश भी जारी किए हैं।
यह भी पढ़ें - Republic Day: पुलिस अलर्ट, शुरू हुई वाहनों-यात्रियों की चैकिंग
ये है दिल्ली पुलिस की ओर से जारी गाइडलाइन
- सुबह 7 बजे विजिटर्स के बैठने के लिए ब्लॉक खोल दिए जाएंगे
- विजिटर्स से अपील की गई है कि कोरोना प्रोटोकॉल का पालन करते हुए नियत स्थान ग्रहण करें
- विजिटर का वैक्सीनेटेड यानी दोनों खुराक लगा होना अनिवार्य है।
- अपने साथ वैक्सीन प्रमाण पत्र लाना भी अनिवार्य है
- गणतंत्र समारोह में 15 साल से कम उम्र के बच्चों को आने की इजाजत नहीं है
- पार्किंग सीमित होने के चलते कार पूल या टैक्सी से आएं
- कार लाने वालों के लिए रिमोट कंट्रोल कार लॉक चाबी रखने की व्यवस्था हर पार्किंग में होगी
- सभी निवेदन है कि सुरक्षा जांच में पूरा सहयोग करें
- विजिटर्स को अपने प्रवेश पत्र के साथ वैध पहचान पत्र जैसे आधार कार्ड, वोटर कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस आदि साथ लाना होगा
27 हजार पुलिसकर्मियों के हवाले समारोह
दिल्ली के पुलिस कमिश्नर राकेश अस्थाना ने एक दिन पहले ही साफ कर दिया था कि इस बार गणतंत्र दिवस समारोह के लिए राजधानी में 27,000 से ज्यादा कर्मियों को तैनात किया गया है। अस्थाना ने कहा कि कुल बल में 71 डीएसी, 213 एसीपी, 713 निरीक्षक, दिल्ली पुलिस कमांडो, सशस्त्र बटालियन अधिकारी और जवान और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल की 65 कंपनियां शामिल हैं।
यह भी पढ़ें - राजपथ पर प्रदर्शित झांकियों में से चुन सकते हैं मनपसंद झांकी
अस्थाना ने कहा कि बीते दो महीनों से दिल्ली पुलिस राष्ट्रीय राजधानी में आतंकवाद के खिलाफ कड़े कदम उठा रही है। इस वर्ष भी हम पूरी तरह अलर्ट हैं। हवाई अंतरिक्ष सुरक्षा के लिए काउंटर ड्रोन तकनीक का इस्तेमाल किया जा रहा है। अस्थाना ने कहा था कि जिस इलाके में गणतंत्र दिवस समारोह होगा वहां और उसके आसपास की सुरक्षा भी दिल्ली पुलिस और अन्य एजेंसियों की मदद से सुरक्षित कर ली गई है।
Updated on:
25 Jan 2022, 7:55 AM IST
Published on:
24 Jan 2022, 12:19 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.