
गणतंत्र दिवस पर संगीनों के साए में रहेगी दिल्ली, 72 इमारतें होगी सील ट्रैफिक होगा बैन
दिल्ली में गणतंत्र दिवस की तैयारियां पूरे जोर शोर के साथ हो रही हैं। इस कड़ाके की ठंड में रिहर्सल जारी है। गणतंत्र दिवस परेड देश दुनिया में सराहा जाए, इसलिए कोई चूक नहीं छोड़ी जा रही है। इसी बीच ऐसी सूचनाएं है कि, कुछ आतंकी संगठन गड़बड़ कर सकते हैं। इस सूचना के बाद दिल्ली की सुरक्षा व्यवस्था चाक—चौबंद कर दी गई है। माना जा रहा है कि, गणतंत्र दिवस पर दिल्ली संगीनों के साए में रहेगी। गणतंत्र दिवस को लेकर दिल्ली में सुरक्षा की विशेष तैयारियां की जा रही हैं। दिल्ली पुलिस कर्तव्य पथ के आसपास की इमारतों में एंटी-साबोटाज चेक्स कर रही है। गणतंत्र दिवस की तैयारियों को लेकर गृह मंत्रालय ने दिशा-निर्देश भी जारी किए हैं। इन दिशा निर्देशों के अनुसार, गणतंत्र दिवस पर कर्तव्य पथ के आस-पास की 72 इमारतें सील की जाएंगी। साथ जरूर ट्रैफिक को छोड़कर बाकी ट्रैफिक पर प्रतिबंध लगाया जाएगा।
गृह मंत्रालय ने जारी किया दिशा-निर्देश
गृह मंत्रालय ने बताया कि, 23 जनवरी को गणतंत्र दिवस परेड की फुल ड्रेस रिहर्सल की जाएगी। इस रिहर्सल के लिए कर्तव्य पथ के आस-पास की इमारतों को 22 जनवरी शाम 6.30 बजे से लेकर 23 जनवरी दोपहर 1 बजे तक बंद कर दिया जाएगा। 26 जनवरी के दिन परेड के लिए इन सभी इमारतों को 25 जनवरी दोपहर 1 बजे से 26 जनवरी दोपहर 1 बजे तक सील किया जाएगा।
गृह मंत्रालय का आदेश, ये इमारतें रहेंगी सील
गृह मंत्रालय के आदेश के अनुसार, वायु भवन, कश्मीर हाउस, सेना भवन, उद्योग भवन, निर्माण भवन, नेशनल म्यूजियम, विज्ञान भवन, विदेश मंत्रालय, डीआरडीओ भवन, साउथ ब्लॉक, नॉर्थ ब्लॉक, रेल भवन, संचार भवन, कृषि भवन, शास्त्री भवन समेत 72 इमारतों को एंटी-साबोटाज चेक्स के बाद सील किया जाएगा।
जानें कौन सी इमारतें रहेंगी सील
गृह मंत्रालय के आदेशानुसार, 26 जनवरी के दिन एट होम फंक्शन के लिए 20 इमारतों को शाम 7.30 बजे तक बंद रखा जाएगा। 29 जनवरी को बीटिंग र्रिटीट सेरेमनी के लिए 32 इमारतों को दोपहर 12 बजे से शाम 7.30 बजे तक एंटी-साबोटाज चेक्स के बाद सील कर दिया जाएगा। इनमें रेड क्रॉस बिल्डिंग, एनडीएमसी टावर, रक्षा भवन, नेशनल स्टेडियम, कोस्ट गार्ड मुख्यालय और नेशनल आर्काइव्स शामिल हैं।
ये इमारतें रहेंगी बंद
गृह मंत्रालय ने बताया कि, 28 जनवरी को बीटिंग र्रिटीट की फुल ड्रेस रिहर्सल के दिन दिल्ली की 8 इमारतों को शाम 4.00 बजे से शाम 7.30 बजे तक बंद रखा जाएगा। इनमें सेना भवन, वायु भवन, डीआरडीओ भवन, साउथ ब्लॉक, नॉर्थ ब्लॉक और रेल भवन शामिल हैं।
यह भी पढ़े - रक्षा मंत्रालय का तोहफा, अब सिर्फ एक क्लिक पर घर बैठे मिलेगी गणतंत्र दिवस परेड की टिकटें
इन रोड़ पर यातायात रहेंगे बंद
गृह मंत्रालय की तरफ से जारी दिशा निर्देशों में कहा गया कि, 17 जनवरी से 29 जनवरी तक गणतंत्र दिवस की रिहर्सल के दौरान विजय चौक, कर्तव्य पथ, जनपथ और मान सिंह रोड यातायात के लिए बंद रहेंगे। यह प्रतिबंध केवल रिहर्सल की अवधि के दौरान लागू रहेंगे।
यहां नहीं होगी पार्किंग की इजाजत
बीटिंग र्रिटीट सेरेमनी की रिहर्सल के चलते 27, 28 जनवरी के दिन दोपहर 3.30 बजे के बाद नॉर्थ ब्लॉक और साउथ ब्लॉक के बाहर गाड़ियों की पार्किंग की इजाजत नहीं होगी। 29 जनवरी के दिन भी यहां पार्किंग पर प्रतिबंध रहेगा।
Updated on:
18 Jan 2023, 12:01 PM IST
Published on:
18 Jan 2023, 11:59 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.