
सासाराम के बाद अब नालंदा में शोभायात्रा पर पथराव. व फायरिंग, सात घायल
बिहार के रोहतास जिला मुख्यालय सासाराम में रामनवमी पर्व के बाद दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प के बाद स्थानीय प्रशासन ने शुक्रवार को धारा 144 लागू कर दी। सासाराम के बाद अब नालंदा में भी शोभायात्रा पर पथराव की घटना सामने आई है। रामनवमी के दूसरे दिन बजरंग दल व विश्व हिन्दू परिषद के शोभायात्रा पर कुछ असामाजिक तत्वों ने पथराव किया। इसके बाद कई राउंड फायरिंग हुई। इसमें सात लोग गोली लगने से घायल हो गए हैं। एक यात्री बस सहित दर्जन भर छोटे बड़े वाहन के अलावा तकरीबन आधा दर्जन दुकानों में उपद्रवियों ने आग लगा दी और तोड़फोड़ की। पूरे इलाके में तनाव का माहौल पैदा हो गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पूरे इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस के अनुसार, सासाराम में रामनवमी पर्व की शोभा यात्रा शांति पूर्ण निकल जाने के बाद शुक्रवार को अचानक दो पक्षों में पथराव प्रारंभ हो गया और झड़प शुरू हो गई। इसकी सूचना जैसे ही वरिष्ठ अधिकारियों को हुई जिलाधिकारी धर्मेंद्र कुमार और पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित करने में जुट गए। इस घटना में दो पुलिसकर्मियों सहित आधा दर्जन लोगों के घायल होने की खबर है। घटना के बाद इलाकों में सन्नाटा पसरा हुआ है और तनाव बना हुआ है।
सासाराम में पुलिस व प्रशासन द्वारा किया गया फ्लैग मार्च
राज्य पुलिस मुख्यालय के अनुसार, सासाराम नगर थानान्तर्गत स्थिति पूर्णतरू शांतिपूर्ण एवं नियंत्रण में है। कतिपय विवाद के कारण दोपहर में रोड़ेबाजी की घटना हुई थी। घटनास्थल पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। डीएम एवं पुलिस अधीक्षक रोहतास पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर मौजूद हैं। पुलिस एवं प्रशासन द्वारा फ्लैग मार्च किया जा रहा है। स्थिति नियंत्रण में है। स्थानीय प्रशासन ने अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की है।
फिलहाल नालंदा में माहौल नियंत्रण से बाहर
जानकारी के अनुसार, नालंदा में लहेरी थाना क्षेत्र के गगन दीवान मोहल्ले के समीप कुछ असामाजिक तत्वों ने अचानक शोभायात्रा पर पथराव कर दिया। जिसके बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई। इसके बाद भरावपर स्थित एशिया होटल के समीप भी बदमाशों ने जमकर उपद्रव किया। कई जगहों पर तोड़फोड़ की सूचना मिल रही है। पूरे शहर में अफवाह का माहौल है। नालंदा डीएम शशांक शुभंकर व एसपी अशोक मिश्रा मौके पर कैंप कर रहे हैं। घटना की सूचना आग की तरह पूरे शहर में फैल गई। फिलहाल माहौल नियंत्रण से बाहर है।
रविवार को गृहमंत्री अमित शाह का सासाराम दौरा
गृहमंत्री अमित शाह रविवार को सासाराम आ रहे हैं। वह यहां सम्राट अशोक जयंती के कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। गृहमंत्री के कार्यक्रम के पूर्व तनाव से प्रशासन की चुनौती बढ़ गई है।
सीएम नीतीश कुमार ने ली जानकारी
सीएम नीतीश कुमार ने सासाराम में हुए बवाल का संज्ञान लिया है। पूर्व विधायक डॉ अशोक कुमार को फोन कर मामले की जानकारी ली है। पूर्व विधायक ने बताया कि, सीएम काफी गंभीर हैं।
पुलिस को सख्त कार्रवाई करनी चाहिए - सुशील कुमार मोदी
सांसद सुशील कुमार मोदी ने कहाकि, राम नवमी के जुलूस को देखकर कुछ लोगों ने प्रतिक्रिया में कुछ धार्मिक स्थानों में तोड़फोड़ की। धार्मिक स्थानों पर जो तोड़फोड़ हुई उसकी प्रतिक्रिया में आज सासाराम में कई जगह हिंसा, आगजनी की घटना घटी। मैं लोगों से शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील करता हूं। पुलिस को मामले की जांच और तोड़फोड़ करने वाले लोगों पर सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।
Updated on:
31 Mar 2023, 9:39 PM IST
Published on:
31 Mar 2023, 9:36 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.