
सत्येंद्र जैन मामले में भाजपा प्रवक्ता गौरव भाटिया का अरविंद केजरीवाल पर तंज कहा, मसाज करवा रहे हैं कट्टर ईमानदार
नई दिल्ली में एमसीडी चुनाव का मौसम गरम है। सभी पार्टियां अपनी-अपनी तैयारियों में व्यस्त हैं। अचानक आम आदमी पार्टी के मंत्री सत्येंद्र जैन का एक वीडियो वायरल हो जाता है। इस वीडियो में आम आदमी पार्टी के मंत्री व मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े कथित मामले के आरोपी सत्येंद्र जैन तिहाड़ जेल में तेल से मसाज करा रहे हैं। बस फिर क्या था राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं गरम हो गईं। आप के मंत्री सत्येंद्र जैन और अरविंद केजरीवाल को निशाने पर रखते हुए भाजपा प्रवक्ता गौरव भाटिया ने कहाकि, अरविंद केजरीवाल जी आप कहां छिप गए हैं? कट्टर ईमानदार कहा था ना आपने? वे कट्टर ईमानदार मसाज करवा रहे हैं। यह (सत्येंद्र जैन) 5 महीने से जेल में है लेकिन अभी तक इन्हें मंत्रीपद से नहीं हटाया गया है।
केजरीवाल पर बरसे गौरव भाटिया
भाजपा प्रवक्ता गौरव भाटिया ने प्रेस-कॉन्फ्रेंस कर कहा कि, सत्येंद्र जैन का वीडियो सामने आया है, जिसके बाद सिद्ध हो जाता है कि जिसको केजरीवाल कट्टर ईमानदार बता रहे थे, वो कट्टर बेईमान और ठग निकले। केजरीवाल महाठग हैं और उनके सभी मंत्री ठग हैं।
जेल मैनुअल का पालन नहीं - भाजपा प्रवक्ता
भाजपा प्रवक्ता गौरव भाटिया ने आगे कहा कि, जेल मैनुअल का पालन नहीं किया जा रहा था। जेल में कपड़े तय होते हैं, लेकिन सत्येंद्र जैन टी-शर्ट में देखे जा सकते हैं। चार-चार लोग मिल रहे हैं और बातचीत चल रही है।
सीएम केजरीवाल जवाब दें - गौरव भाटिया
भाजपा प्रवक्ता गौरव भाटिया ने कहा कि, वीडियो में बिसलरी पानी भी दिख रहा है। ये लोग वीआईपी कल्चर को खत्म करने की बात करते थे, पर जेल में भी सारी सुख-सुविधाएं चाहिए। अब मालिश मामले में सीएम अरविंद केजरीवाल को जवाब देना चाहिए कि, जेल के नियमों को तार-तार किया गया की नहीं?
सत्येंद्र जैन मसाज वीडियो मामला
मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े कथित मामले में तिहाड़ जेल में बंद दिल्ली सरकार के मंत्री सत्येंद्र जैन का एक वीडियो वायरल हुआ है। जिसमें सत्येंद्र जैन मसाज कराते नजर आ रहे हैं। वीडियो में दिख रहा है कि, तिहाड़ जेल में बंद सत्येंद्र जैन को कैसे वीआईपी ट्रीटमेंट मिल रहा है। वहीं तिहाड़ जेल के सूत्रों का दावा है कि, यह सीसीटीवी का फुटेज है, वीडियो काफी पुराना है।
Updated on:
19 Nov 2022, 1:44 PM IST
Published on:
19 Nov 2022, 1:43 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.