
कोर्ट परिसर की जांच करती टीम। फोटो- पत्रिका
Seven Courts Bomb Threat: महाराष्ट्र में सात सत्र अदालतों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। सातारा, सोलापुर, ठाणे, बीड, रत्नागिरी, परभणी और हिंगोली की अदालतों को ईमेल भेजकर निशाना बनाने की धमकी दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस, श्वान दल और बम निरोधक दस्ते मौके पर पहुंच गए। एहतियात के तौर पर न्यायाधीशों, वकीलों और पक्षकारों को बाहर निकालकर अदालतों की इमारतें खाली करा दी गईं। सभी जगह जांच शुरू कर दी गई है।
सोमवार सबसे पहले सातारा जिला एवं सत्र न्यायालय के आधिकारिक ईमेल खाते पर धमकी भरा संदेश मिला। इसमें अदालत की इमारत को बम से उड़ाने की बात कही गई थी। न्यायालय के अधीक्षक ने तुरंत सातारा शहर पुलिस को इसकी सूचना दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। इसके साथ ही श्वान दल और बम निरोधक दस्ते को भी बुलाया गया।
पुलिस ने सबसे पहले अदालत परिसर को खाली कराया। न्यायाधीशों, वकीलों और वहां मौजूद पक्षकारों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इसके बाद पूरे परिसर की जांच शुरू की गई। अचानक बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती से सातारा में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। अदालत के सामने वाली सड़क पर भी लोगों की भीड़ जमा हो गई।
सातारा के बाद ठाणे, रत्नागिरी, परभणी, सोलापुर, बीड और हिंगोली की सत्र अदालतों को भी इसी तरह के धमकी भरे ईमेल मिलने की जानकारी सामने आई। इसके बाद इन सभी जगहों पर पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गईं। संबंधित अदालत परिसरों में पुलिस बल तैनात कर जांच शुरू कर दी गई। सातारा में श्वान दल और बम निरोधक दस्ते की मदद से अदालत की इमारत की तलाशी ली जा रही है। पुलिस ईमेल की जांच कर रही है और धमकी भेजने वाले की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। फिलहाल जांच पूरी होने तक सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई है।
Updated on:
2 Nov 2026, 3:31 PM IST
Published on:
2 Nov 2026, 3:31 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.