
Vishwa Hindu Parishad statement on Bhiwani Case attack on Ashok Gehlot
Bhiwani Case: हरियाणा के भिवानी में राजस्थान के दो मुस्लिम युवकों की हत्या के मामले में सियासी पारा गरमा गया है। कई नेता पीड़ित पक्ष के लिए इंसाफ की आवाज बुलंद कर रहे हैं। दूसरी ओर कई संगठन और राजनीतिक दलों से संबंध रखने वाले लोग बजरंग दल का बचाव करते नजर आ रहे हैं। मृतक राजस्थान के थे, घटना हरियाणा में हुई... इस कारण दोनों राज्यों की सरकार और पुलिस भी आमने-सामने आ गई है। मुस्लिमों से हत्या से जुड़े मामले के कारण AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी इस मामले में शुरू से ही मुखर है। ओवैसी का कहना है कि जुनैद और नासिर को एक संगठित गिरोह ने मारा। हरियाणा की भाजपा सरकार इस घटना की ज़िम्मेदार है क्योंकि वे इस संगठित गिरोह को संरक्षण देते हैं। दूसरी ओर इस मामले में विश्व हिंदू परिषद की प्रतिक्रिया भी सामने आई है। विहिप ने इस मामले में राजस्थान सीएम अशोक गहलोत से माफी की मांग की है।
विहिप के महासचिव ने दी मामले पर प्रतिक्रिया-
दरअसल भिवानी के लोहारू में एक जली हुई गाड़ी में राजस्थान के दो युवकों के कंकाल बरामद होने के मामले में बजरंग दल का नाम अनावश्यक रूप से लेने का आरोप लगाते हुए विश्व हिंदू परिषद ने इस पूरे मामले की सीबीआई से जांच कराने की मांग की है।
विश्व हिंदू परिषद के केंद्रीय संयुक्त महासचिव डॉ सुरेंद्र जैन ने इस कांड पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि वोट बैंक की राजनीति के कारण बजरंग दल का नाम अनावश्यक रूप से लिया जा रहा है। विहिप नेता ने राजस्थान सरकार को बजरंग दल पर झूठे आरोप लगाने से बाज आने की चेतावनी देते हुए इसके लिए राज्य की अशोक गहलौत सरकार से माफी मांगने की मांग की है।
राजस्थान सरकार रानैतिक पूर्वाग्रह से ग्रसित-
विहिप नेता ने राजस्थान सरकार पर वोट बैंक की राजनीति और राजनैतिक पूर्वाग्रह से ग्रस्त होकर काम करने का आरोप लगाते हुए कहा कि राजस्थान सरकार से न्याय की अपेक्षा नहीं की जा सकती, इसलिए इस पूरे मामले की जांच सीबीआई से होनी चाहिए। जांच पूरी होने तक किसी व्यक्ति को केवल इस आधार पर गिरफ्तार न किया जाए कि उसका नाम गौ तस्कर के भाई ने लिया है। इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि जांच पूरी होने पर दोषियों को कठोर सजा हो।
यह भी पढ़ें - हरियाणा में बोलेरो से राजस्थान के दो मुस्लिम युवकों की हत्या, बजरंग दल वालों पर का आरोप
निष्पक्ष जांच कर दोषियों को मिलनी चाहिए सजाः विहिप-
विहिप नेता डॉ सुरेंद्र जैन ने कहा है कि हरियाणा के लोहारू में एक जली हुई गाड़ी में कुछ जले हुए नर कंकालों का मिलना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। यह आग किसी दुर्घटना में लगी है या किसी ने लगाई है, अभी इस पर जांच होनी बाकी है। गाड़ी राजस्थान की है परंतु कंकाल किसके हैं, यह भी अभी जांच का विषय है। मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को सजा मिलनी ही चाहिए।
मृतक पर गौ तस्करी के कई मामले पहले से चल रहे है-
विहिप नेता ने कहा कि राजस्थान के भरतपुर जिले के दो गौ तस्कर लापता हैं, जिन पर गौ तस्करी के अनेक मामले पहले से चल रहे हैं। एक तस्कर के भाई ने बजरंग दल के कुछ चर्चित नामों के बारे में संदेह व्यक्त किया है। ऐसा लगता है कि बिना प्रारंभिक जांच के, राजस्थान पुलिस यह मान बैठी है कि उसके भाइयों द्वारा लिए गए नाम ही इस घटना के लिए जिम्मेदार हैं।
यह भी पढ़ें -
राजनैतिक एजेंडे के तहत बजरंग दल को घसीटा जा रहा-
उन्होंने कहा, दुर्भाग्यपूर्ण रूप से इस कांड में बजरंग दल का नाम अनावश्यक रूप से लिया जा रहा है। इस तरह के मामलों में राजस्थान सरकार की भूमिका वोट बैंक की राजनीति से हमेशा प्रभावित रही है, यह कई मामलों में पहले भी सिद्ध हो चुका है। एक राजनैतिक एजेंडे के तौर पर भी बजरंग दल का नाम अनावश्यक रूप से घसीटा जा रहा है, जिसे किसी भी तरह से उचित नहीं माना जा सकता।
Published on:
17 Feb 2023, 2:54 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.