
भवानीपुर में ममता बनर्जी और सुवेंदु अधिकारी के बीच मुकाबला है (Photo-IANS)
आज पश्चिम बंगाल सहित पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव के नतीजे आएंगे। पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता समेत अन्य जिलों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। मतगणना केंद्रों पर केंद्रीय सुरक्षा बल के जवान तैनात हैं। इसी बीच खबर सामने आ रही है कि भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र में भारी हंगामा हुआ है। मतगणना केंद्र के बाहर काउंटिंग एजेंट्स की एंट्री को लेकर भारी बवाल मचा है। यहां से टीएमसी प्रमुख व राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी आमने सामने हैं। भवानीपुर सीट राज्य की सबसे हॉट सीट बन गई है।
जानकारी सामने आ रही है कि इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं और तृणमूल के कार्यकर्ताओं के बीच हिंसक झड़प भी हुई है।
इस चुनाव में रिकॉर्ड 92.47 प्रतिशत मतदान दर्ज हुआ, जो अपने आप में एक बड़ी बात है। हालांकि, दक्षिण 24 परगना जिले की फाल्टा सीट पर चुनाव रद्द करना पड़ा। वहां गंभीर चुनावी गड़बड़ियों की शिकायतें मिली थीं, जिसके चलते अब 21 मई को दोबारा मतदान कराया जाएगा। मतगणना प्रक्रिया को पूरी तरह निष्पक्ष बनाए रखने के लिए कई स्तरों पर सुरक्षा तैनात की गई है। करीब 200 कंपनियां केंद्रीय अर्धसैनिक बलों की सिर्फ काउंटिंग सेंटर्स के लिए लगाई गई हैं। इनके अलावा राज्य पुलिस और राज्य सशस्त्र बल भी तैनात हैं। हर गतिविधि पर नजर रखने के लिए काउंटिंग हॉल के बाहर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं।
2016 के विधानसभा चुनाव (Assembly Election 2016) में ममता बनर्जी ने भवानीपुर से चुनाव लड़ा और भारी मतों से जीत दर्ज की। ममता को 65,520 वोट मिले थे, जबकि कांग्रेस की दीपा दासमुंशी को 40,219 वोट और बीजेपी के चंद्र कुमार बोस को 26,299 वोट मिले थे। ममता ने 25,301 वोटों से शानदार जीत हासिल की थी। इस दौरान मतदान प्रतिशत 66.83% रहा था।
Updated on:
04 May 2026 06:58 am
Published on:
04 May 2026 06:51 am
