
सांसद पप्पू यादव। (Photo- IANS)
Operation Mahadev: श्रीनगर में सोमवार को सेना, जम्मू कश्मीर पुलिस और सीआरपीएफ ने संयुक्त रूप से ऑपरेशन महादेव चलाया। इस ऑपरेशन में द रेजिस्टेंस फ्रंट (TRF) से जुड़े तीन आतंकियों को मार गिराया गया, जिनमें लश्कर-ए-तैयबा का कमांडर हाशिम मूसा भी शामिल था। दरअसल, हाशिम मूसा को पहलगाम हमले का मास्टमाइंड माना जाता है। सेना के इस ऑपरेशन पर पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने सवाल उठाए हैं।
सांसद पप्पू यादव ने ऑपरेशन महादेव पर सवाल उठाते हुए कहा कि ऐरे-गैरे को मार दिया और अब कह रहे है कि मास्टरमाइंड को मार दिया। उन्होंने कहा कि वे कौन हैं? किसका एनकाउंटर हुआ? पहलगाम आतंकवादी हमले के पीछे जो आतंकवादी थे, वे कहां हैं?
इस दौरान पप्पू यादव ने डायवर्ट करने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि हमेशा डायवर्ट करते रहो, दो दिन बाद कुछ और डायवर्ट होगा। कभी ईडी का नोटिस आ जाएगा। कभी किसी का लव लेटर भेज देंगे, ये कब क्या करेंगे?
सांसद पप्पू यादव ने कहा कि हमारी मां-बहन का कातिल कहां है। जब आप उसको मरवा नहीं सकते। तो आप देश कैसे चलवा सकते हैं। पीएम मोदी को बोलना है कि मास्टरमाइंड कहां से आया। पहले ये लोग खुद स्कैच बनवाए, फिर मिटा दिए।
बता दें कि हाशिम मूसा, जिसे सुलैमान शाह के नाम से भी जाना जाता था, पूर्व में पाकिस्तानी सेना का पैरा-कमांडो था। ऑपरेशन में भारी मात्रा में गोला-बारूद और हथियार भी बरामद किए गए।
22 अप्रेल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले ने पूरे देश को झकझोर दिया था। इस हमले में 26 लोग मारे गए। आतंकियों ने पर्यटकों से उनका धर्म पूछा और जो इस्लामिक आयतें नहीं पढ़ सके, उन्हें गोली मार दी गई। इसके बाद भारत ने ऑपरेशन सिंदूर के तहत पाकिस्तान में आतंकी ठिकानों को तबाह कर दिया, जिसमें कम से कम 100 आतंकी मारे गए।
Updated on:
28 Jul 2025, 9:51 PM IST
Published on:
28 Jul 2025, 9:51 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.