scriptकौन हैं माणिक साहा जो होंगे त्रिपुरा के नए मुख्यमंत्री | Who is Manik Shah, New Cheif Minister of Tripura | Patrika News

कौन हैं माणिक साहा जो होंगे त्रिपुरा के नए मुख्यमंत्री

locationनई दिल्लीPublished: May 15, 2022 07:15:33 am

Submitted by:

Archana Keshri

त्रिपुरा में विधानसभा चुनाव से ठीक एक साल पहले भारतीय जनता पार्टी हाईकमान ने मुख्यमंत्री बदलकर राजनीतिक तौर पर चौंकाने वाला फैसला लिया है। भाजपा ने बिप्लब देब को हटाकर डॉ. माणिक साहा को नया सीएम बनाने का ऐलान किया है।

जाने कौन हैं माणिक साहा जो होंगे त्रिपुरा के नए मुख्यमंत्री

जाने कौन हैं माणिक साहा जो होंगे त्रिपुरा के नए मुख्यमंत्री

बिप्लब कुमार देब के त्रिपुरा के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद भारतीय जनता पार्टी ने विधायक दल का नेता चुन लिया है। अब त्रिपुरा के नए मुख्यमंत्री माणिक साहा होंगे। बीजेपी आलाकमान के निर्देश पर पार्टी प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद माणिक साहा की प्रदेश के नए मुखिया के तौर पर नियुक्ति हो गई है। बीजेपी विधायक दल की बैठक में साहा के नाम पर मुहर लगाई गई।
अगले साल होने वाले त्रिपुरा विधानसभा चुनाव के ठीक पहले बीजेपी आलाकमान ने माणिक साहा पर बड़ा दांव लगाया है। माणिक साहा को त्रिपुरा के नए सीएम का पद देने से एक बात साफ हो गई है कि बीजेपी 2023 में होने वाले विधानसभा चुनाव में साहा के चेहरे पर चुनाव लड़ेगी।
केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने ट्वीट कर माणिक साहा को बधाई दी है। उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा, ‘श्री माणिक साहा जी को त्रिपुरा भाजपा विधायक दल का नेता चुने जाने की बहुत-बहुत बधाई। मुझे पूर्ण विश्वास है कि आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के मार्गदर्शन और आपके नेतृत्व में त्रिपुरा विकास की नई ऊंचाइयों पर पहुँचेगा।’
आपको बता दें, त्रिपुरा के अगले मुख्यमंत्री बनने जा रहे डॉ. माणिक साहा 6 साल पहले ही कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में शामिल हुए थे और इतने जल्दी प्रभावशाली बनकर उभरेंगे, इसका अंदाजा राजनीतिक पंडित भी नहीं लगा पाए। बीजेपी में आते ही माणिक को दो साल बाद प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया। वो त्रिपुरा क्रिकेट एसोसिएशन के प्रेसिडेंट भी बने। हाल ही में राज्यसभा के लिए भी मनोनीत किए गए और अब नए सीएम के लिए चुना गया है।
माणिक साहा को चुने जाने से पहले बिप्लब कुमार देब ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। उन्होंने अपना इस्तीफा शनिवार को राज्यपाल एसएन आर्य को सौंपा। कल बिप्लब देब ने गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की थी, लेकिन आज इस्तीफा देकर सभी को चौंका दिया। त्रिपुरा में कई भाजपा विधायक बिप्लब देब से नाराज चल रहे थे और इसकी गूंज हाईकमान तक भी पहुंची थी।
इस्तीफा देने के बाद बिप्लब कुमार देब ने कहा, “पीएम मोदी से मेरी बात हुई है। मैंने गृह मंत्री अमित शाह से भी मुलाकात की थी। आलाकमान ने इस्तीफा देने को कहा तो मैंने यह कदम उठाया। आगे विधानसभा चुनाव होने हैं, उसकी तैयारियों में लगूंगा। भाजपा के कार्यकर्ता के रूप में पार्टी को मजबूत करता रहूंगा।”

यह भी पढ़ें

बिहार में नितिन गडकरी ने कोईलवर सिक्सलेन पुल का किया उद्धाटन, नीतीश कुमार को नहीं दिया निमंत्रण

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि एक मुख्यमंत्री के रूप में मुझे त्रिपुरा की सेवा करने की जिम्मेदारी देने के लिए मैं केंद्रीय नेतृत्व और त्रिपुरा के लोगों को धन्यवाद देता हूं। मैंने तहे दिल से अपने राज्य की सेवा की है और हमेशा अपने राज्य की बेहतरी के लिए काम करता रहूंगा। त्रिपुरा निश्चित रूप से विकास की राह पर आगे बढ़ेगा। जय हिंद। उन्होंने माणिक साहा को विधायक दल के नेता के रूप में चुने जाने पर बधाई भी दी।
बात करें माणिक साहा की तो उनका जन्म 8 जनवरी, 1953 में हुआ। राजनीति में आने से पहले डेंटल सर्जन रहे हैं और हापनिया के त्रिपुरा मेडिकल कॉलेज में पढ़ाते भी थे। पेशे से डेंटिस्ट रहे माणिक ने हायर स्टडी के लिए उत्तर प्रदेश और बिहार का रुख किया। उन्होंने बैचलर डिग्री पटना के गवर्नमेंट डेंटल कॉलेज से हासिल की। वहीं, डेंटल सर्जरी में मास्टर्स की पढ़ाई लखनऊ के किंगजॉर्ज मेडिकल कॉलेज से की। बता दें, माण‍िक साहा त्रिपुरा क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष भी हैं। कभी कांग्रेस में रहे साहा 2016 में बिप्लब देब के जरिए भाजपा में शामिल हुए। अब वो त्रिपुरा के 11वें मुख्यंत्री बन गए हैं।

यह भी पढ़ें

11 साल के सोनू ने बिहार के सीएम नीतीश कुमार के सामने खोली पोल, कहा – ‘हमको पढ़ना है सर! सरकारी स्कूल में पढ़ाई नहीं होती’

ट्रेंडिंग वीडियो