
सीएम राइज स्कूल की बसों में क्षमता से दोगुने बच्चे ठूंसे (फोटो सोर्स: Patrika)
Neemuch News :मध्य प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना के तहत संचालित सीएम राइज स्कूल में नौनिहालों की सुरक्षा को ताक पर रख दिया गया है। मध्य प्रदेश के नीमच जिले के जावद में स्थित सीएम राइज स्कूल से जुड़ा एक ऐसा ही हैरान करने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें स्कूल बसों में तय क्षमता से कहीं ज्यादा बच्चों को ठूंस-ठूंस कर ले जाया जा रहा है। बस के अंदर हालात ये हैं कि, सीटों पर तो बच्चे बैठे ही हैं, बस के गलियारे में भी पांव रखने तक की जगह नहीं बची है। मासूम बच्चे दमघोंटू माहौल में सफर करने को मजबूर हैं, लेकिन जिम्मेदार आंखें मूंदे किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहे हैं।
हैरानी की बात ये है कि, शासन के स्पष्ट निर्देश और सुप्रीम कोर्ट की स्कूल बसों को लेकर तय गाइडलाइन की धज्जियां जिम्मेदारों की नाक के नीचे खुलेआम उड़ाई जा रही हैं। वायरल वीडियो सामने आने के बाद पालकों में भारी आक्रोश है। परिजन का कहना है कि, वे बच्चों के बेहतर भविष्य की उम्मीद में उन्हें स्कूल भेजते हैं, लेकिन स्कूल प्रबंधन और बस ऑपरेटरों की मिलीभगत से बच्चों की जान जोखिम में डाली जा रही है।
परिवहन विभाग और स्थानीय पुलिस प्रशासन की भूमिका भी इस मामले में सवालों के घेरे में है। आए दिन चेकिंग के नाम पर आम वाहन चालकों पर डंडा चलाने वाला अमला इन निजी बस संचालकों की मनमानी पर चुप्पी साधे बैठा है। न तो बसों की फिटनेस की नियमित जांच हो रही है और न ही ओवरलोडिंग पर कोई अंकुश है। यदि रास्ते में कोई अनहोनी या तकनीकी खराबी हो जाए, तो इतने बड़े पैमाने पर भरे बच्चों की जान बचाना मुश्किल हो जाएगा।
इस पूरे मामले में स्कूल प्रबंधन हमेशा की तरह पल्ला झाड़ते नजर आ रहा है। अब देखना यह होगा कि वीडियो वायरल होने और पालकों के बढ़ते आक्रोश के बाद जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग नींद से जागकर इन लापरवाह बस संचालकों और स्कूल प्रबंधन पर सख्त कार्रवाई करता है, या फिर यह मामला भी हर बार की तरह फाइलों में दबाकर छोड़ दिया जाएगा।
Updated on:
01 Oct 2026 05:34 pm
Published on:
01 Oct 2026 05:34 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
