
रूठी प्रेमिका को मनाने प्रेमी ने 4 KM तक सड़क पर लगाए हॉर्डिंग और पोस्टर, लिखा- I am sorry
नई दिल्ली। एक प्रचलित कहावत है 'प्यार और जंग में सबकुछ जायज है’ लेकिन फिर भी कानून यह इजाजत किसी भी सूरत में नहीं देता है कि आप नियम-कायदे का उल्लंघन करें। दरअसल महाराष्ट्र में एक प्रेमी ने अपनी प्रेमिका को मनाने के लिए एखक ऐसे अनोखे अंदाज को अपनाया जिससे अब वह खद ही पुलिस के गिरफ्त में फंस गया है। पुणे के पास पिंपरी चिंचवाड़ क्षेत्र में एक शख्स ने अपनी रुठी गर्लफ्रेंड को मनाने के लिए सड़कों पर चार किलोमीटर के इलाके में बैनर और हॉर्डिंग लगा दिए। उस शख्स ने 300 से अधिक बैनर और हॉर्डिंग लगाए। यह बैनर ऐसे लग रहे थे कि मानो किसी कंपनी का प्रचार किया जा रहा हो। हालांकि अब पुलिस ने हॉर्डिंग लगाने वाले आशिक मिजाज शख्स के बारे में पता लगा लिया है और उस पर कार्रवाई करने जा रही है।
चार किलोमीटर तक लगाया था पोस्टर
आपको बता दें कि पुणे के पास पिंपरी चिंचवाड़ क्षेत्र के रहने वाले 25 वर्षीय बिजनेसमैन निलेश खेदकर ने बीते शुक्रवार की रात को सड़क पर चार किलोमीटर तक मोटे-मोटे अक्षरों में अपनी प्रेमिका का नाम का जिक्र करते हुए मांफी मांगने का पोस्टर लगाया था। जब सुबह आम लोग उठे तो उनलोगों ने ऐसे कई पोस्टर लगे देखे जिन पर मोटे अक्षरों में लड़की का नाम के साथ लिखा था, मैं माफी मांगता हूं। साथ उसके बगल में दिल का निशान भी बना था। बता दें कि ऐसे पोस्टर विशेष तौर पर मुख्य चौराहों पर लगे थे। लेकिन स्थानीय पुलिस को लड़के का यह अंदाज पसंद नहीं आया और अब जब पुलिस को इस बारे में सूचना मिली तो फिर फौरन आशिक मिजाज प्रेमी का पहचान करने में जुट गई। पुलिस ने आरोपी लड़के की पहचान कर ली है और अब उसके खिलाफ कार्रवाई करने जा रही है।
आरोपी के दोस्त ने पुलिसे के सामने किया खुलासा
आपको बता दें कि इससे पहले वाकड पुलिस ने पिंपरी चिंचवाड़ नगर निगम से सम्पर्क करके उसके खिलाफ कार्रवाई करने के लिए कहा है। चुंकि सड़कों पर लगने वाले अवैध होर्डिंग और सार्वजनिक सम्पत्ति को नुकसान पहुंचाने के मामले नगर निगम ही देखता है। दूसरी और वाकड पुलिस के एक अधिकारी ने बताया है कि जैसे ही 17 अगस्त को होर्डिंग लगाने के बारे में सूचना मिली फौरन ही मामले में जांच शुरू कर दी गई थी। पुलिस ने बताया कि सबसे पहले इस मामले में लड़के के दोस्त विलास शिंदे तक पहुंचे जिन्होंने आरोपी खेदकर की फ्लेक्स होर्डिंग के प्रिंटिंग में मदद की थी। शिंदे ने पुलिस को बताया कि खेदकर की गर्लफ्रेंड उससे नाराज थी और वह अपनी गर्लफ्रेंड से माफी मांगना चाहता था। मांफी मांगने के लिए उसके दिमाग में इस तरह के विचार आए।
इस रास्ते से लड़की गुजरने वाली थी
पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपी खेदकर ने गुरुवार की देर रात उस इलाके में पोस्टर लगाया था, जहां से होकर उसकी गर्लफ्रेंड मुंबई से आने वाली थी। आरोपी ने 300 पोस्टर्स और हॉर्डिंग उसी रुट में लगाए जहां से होकर लड़की गुजरने वाली थी। हालांकि अब पुलिस का कहना है कि इस मामले में नगर निगम अधिकारियों को घटना की जानकारी दे दी गई है जो कि आगे की कार्रवाई करेगी।
Published on:
19 Aug 2018, 3:12 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.