जेपी नड्डा ने रांची के मोरहाबादी मैदान में आयोजित भगवान बिरसा मुंडा विश्वास रैली को संबोधित करते हुए कहा कि आदिवासी समाज की चिंता सिर्फ बीजेपी ने की है। उन्होंने कहा, हमारे आदिवासी भाई बोलते बहुत कम हैं, लेकिन देश के लिए, समाज की भलाई के लिए हमेशा तैयार रहा है और कार्य करता रहा है। जब भारत में आजादी का आंदोलन प्रारंभ भी नहीं हुआ था, उस समय अंग्रेजों के खिलाफ अगर किसी ने आवाज उठाई थी तो हमारे आदिवासी भाइयों ने उठाई थी। लेकिन 70 वर्षों में किसी ने इस समाज की सुध नहीं ली है।