
पत्नी की ख्वाइश को पूरा करने के लिए एक शख्स अपने दोस्त के साथ मिलकर करने लगा चोरी, गिरफ्तार
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के द्वारका इलाके से एक बेहद ही अनोखा मामला सामने आया है। दरअसल एक शख्स ने अपनी पत्नी को खुश करने के लिए चोरी जैसे अपराध को अंजाम दिया है। द्वारका जिला के स्पेशल स्टाफ पुलिस ने सेंधमारी करने वाले एक शख्स और उसके साथी को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपी ने खुलासा किया कि वह अपनी पत्नी को खुश रखने के लिए चोरी के वारदात को अंजाम दे रहा था। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने प्रेम विवाह किया था जिसके कारण नाराज परिवार वालों ने उसे घर से निकाल दिया था।
प्रेम विवाह करने से आरोपी के घरवाले थे नाराज
आपको बता दें कि डीसीपी द्वारका एंटो अल्फोंस ने बताया कि आरोपी हाल ही में धूल सिरस गांव में स्थित एक शॉप में हुई चोरी की वारदात में शामिल था। इस मामले को सुलझाने के लिए सब इंस्पेक्टर नवीन कुमार की देखरेख में सहायक सब इंस्पेक्टर हंस कुमार, कॉन्स्टेबल जगदीश और कॉन्स्टेबल अश्विनी की टीम ने बनाई गई। इसके बाद एक जाल बिछाते हुए अमित उर्फ हैपी और उसके एक साथी शिव शंकर पांडे को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि ये दोनों द्वारका इलाके के रहने वाले हैं। पुलिस ने इनसे वह कार भी बरामद की जो एक दुकान के बाहर से चुराई गई थी।
कैसे हुई गिरफ्तारी
आपको बता दें कि दिल्ली पुलिस की स्पेशल स्टाफ की टीम को पता चला था कि धूल सिरस गांव के एक दुकान में चोरी के मामले में शामिल बदमाश मार्बल मार्केट द्वारका सेक्टर 22 में आने वाला है। इस सूचना के आधार पर पुलिस ने जाल बिछाया। इस बीच मटियाला चौक के पास जब दो लड़के कार से आ रहे थे तो पुलिस टीम ने जांच के लिए उन्हें रोका और जब उनसे पूछताछ की। पूछताछ में दोनों की पहचान अमित और शिव शंकर के रूप में हुई। पूछताछ में पता चल गया कि जिस गाड़ी से वे लोग जा रहे हैं वह द्वारका सेक्टर-23 थाना इलाके से चोरी की गई थी। पुलिस ने फौरन ही दोनों को गुिरफ्तार कर लिया। पुलिस को यह भी पता चला कि अमित के ऊपर हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के तहत भी मामले दर्ज हैं। इसी सिलसिले में बीते जुलाई माह में ही अमित जेल से बाहर आया था। बाकी दूसरे आरोपी के रिकॉर्ड की तलाश पुलिस कर रही है।
पत्नी को खुश रखने के लिए करता था चोरी
आपको बता दें पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक हैपी उर्फ अमित किसी लड़की से दोस्ती थी। बाद में यह दोस्ती प्यार में बदल गया और फिर दोनों ने शादी कर ली। हालांकि उनके घरवालों को यह पसंद नहीं आया और दोनों को घर से बाहर निकाल दिया। अमित अपनी पत्नी को खुश रखने के लिए अपने एक दोस्त के साथ मिलकर चोरी जैसी घटनाओं को अंजाम देने लगा। इसी बीच अमित ने अपने दोस्त के साथ मिलकर एक दुकान में चोरी की। चोरी करने के दौरान दुकान के बाहर उसे एक गाड़ी खड़ी दिखाई दी। दुकान के अंदर उसकी चाभी भी उसे मिल गया। फिर दोनों ने उस गाड़ी की चोरी कर ली। अमित अपनी पत्नी के हर उस शौक को पूरा करना चाहता था जो वह चाहती थी।
Updated on:
4 Sep 2018, 9:52 PM IST
Published on:
4 Sep 2018, 9:52 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.