
Drinking Water Crisis in Delhi: दिल्ली में विधानसभा चुनाव से पहले यमुना के पानी में अमोनिया की मात्रा बढ़ गई है। इसके चलते दिल्ली के कई इलाकों में पेयजल आपूर्ति बाधित होने का खतरा उत्पन्न हो गया है। आम आदमी पार्टी ने भाजपा को इसका जिम्मेदार ठहराया है। सोमवार को सीएम आतिशी ने इसकी जानकारी देते हुए अपने सोशल मीडिया 'X' अकाउंट पर लिखा "चुनाव में हार के डर से भाजपा दिल्ली वालों को प्यासा मारना चाहती है। भाजपा अपनी हरियाणा सरकार से यमुना नदी में जहरीला पानी छुड़वा रही है। पानी में इतना अमोनिया है कि दिल्ली के 3 वाटर ट्रीटमेंट प्लांट बंद होने की कगार पर हैं। दिल्ली के 30% लोगों को पानी नहीं मिलेगा। हिंदू धर्म में पानी रोकने से बड़ा कोई पाप नहीं होता। दिल्ली के लोग भाजपा वालों को इस पाप का जवाब 5 फरवरी को देंगे…"
दरअसल, दिल्ली विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी दंगल अपने शबाब पर है। इसी बीच यमुना के पानी को लेकर आम आदमी पार्टी ने भाजपा पर बड़ा आरोप लगा दिया। आम आदमी पार्टी का कहना है कि चुनाव में हार के डर से भाजपा दिल्ली के 30 प्रतिशत लोगों को प्यासा मारना चाहती है। इसके चलते केंद्र की भाजपा सरकार हरियाणा की भाजपा सरकार से यमुना में जहरीला पानी छुड़वा रही है। इसके लिए दिल्ली की सीएम आतिशी ने चुनाव आयोग को चिट्ठी लिखकर मुलाकात का समय मांगा है।
आतिशी का आरोप है कि भाजपा सरकार की करनी के चलते दिल्ली के वजीराबाद, चंद्रावल और ओखला वाटर ट्रीटमेंट प्लांट बंद होने वाले हैं। इसके चलते सिविल लाइंस, हिंदू राव, करोल बाग, पहाड़गंज, झंडेवालान, राजेंद्र नगर, पटेल नगर, शादीपुर, वजीरपुर, पंजाबी बाग, जहांगीरपुरी, आदर्शनगर, मॉडल टाउन, शकूरबस्ती, किंग्सवे कैंप, आजादपुर, कालकाजी, बाटला हाउस, सुखदेव विहार, कालिंदी कुंज और इसके अलावा एनडीएमसी इलाके की पेयजल सप्लाई बंद होने की कगार पर है।
दिल्ली की सीएम आतिशी का कहना है "भाजपा को दिल्ली चुनाव में हार का अंदेशा हो गया है। इसके चलते हरियाणा की भाजपा सरकार ने दिल्ली की पेयजल आपूर्ति बाधित करने के लिए फैक्ट्रियों का सारा पॉल्यूशन यमुना में छोड़ना शुरू कर दिया है। पिछले 10 दिनों से हरियाणा की भाजपा सरकार अमोनिया वाला प्रदूषित पानी यमुना में छोड़ रही है। इसके चलते यमुना में प्रदूषण का स्तर इतना बढ़ गया है कि दिल्ली के तीन वाटर ट्रीटमेंट प्लांट बंद होने के कगार पर हैं। यमुना में अमोनिया का स्तर 7.2 मिलीग्राम तक पहुंच गया है। यह लगातार बढ़ रहा है।"
आतिशी के भाजपा पर आरोप लगाने के बाद दिल्ली के पूर्व सीएम और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा "लोगों को प्यासा मारने से बड़ा पाप नहीं होता। अपनी गंदी राजनीति के लिए बीजेपी दिल्ली वालों को प्यासा मारना चाहती है। हरियाणा से बीजेपी वाले पानी में ज़हर मिलाकर दिल्ली भेज रहे हैं। अगर ये पानी दिल्ली वालों ने पी लिया तो कई लोग मर जाएंगे। क्या इस से घिनौना काम कोई हो सकता है? जो ज़हर पानी में मिलाकर भेजा जा रहा है, वो वाटर ट्रीटमेंट प्लांट में साफ़ भी नहीं हो सकता। दिल्ली के लोगों की सुरक्षा के लिए कई इलाक़ों में पानी बंद करना पड़ रहा है। हमारी कोशिश है कि लोगों को कम से कम तकलीफ़ हो। बीजेपी वाले दिल्ली वालों का mass murder करना चाहते हैं। हम ये बिल्कुल नहीं होने देंगे।"
संबंधित विषय:
Updated on:
27 Jan 2025 02:26 pm
Published on:
27 Jan 2025 02:25 pm
बड़ी खबरें
View Allनई दिल्ली
दिल्ली न्यूज़
ट्रेंडिंग
