9 फ़रवरी 2026,

सोमवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

सिर के बालों को भी नहीं छोड़ा बदमाशों ने, हथियार के बल पर लूट कर ले गए

विग बनाने वाले कारोबारी के यहां से 25 लाख के बालों को लूट लिया गया है।

2 min read
Google source verification
thief

सिर के बालों को भी नहीं छोड़ा बदमाशों ने, हथियार के बल पर लूट कर ले गए

नांगलोई। राजधानी में एक अनोखी डकैती का मामला सामने आया है। डकैतों ने सोना,चांदी नहीं बल्कि सिर के बालों पर ही हाथ साफ कर दिया है। गंजों के लिए विग बनाने वाले कारोबारी के यहां से 25 लाख के बालों को हथियारों के बल पर लूट लिया गया है। ये बाल तिरुपति बालाजी और अन्य जगहों से खरीदकर लाए जाते हैं। डकैती के इस केस को दर्ज कर नांगलोई थाने की पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर 25 लाख के लूटे हुए बालों को रिकवर कर लिया है। उनके पास से एक पिस्तौल भी बरामद की गई हैं। इनकेे साथ बाकी चार लोगों की तलाश की जा रही है।

फोन पर दी डकैती की सूचना

पुलिस के अनुसार जहांगीर हुसैन अपने भाई ताजुद्दीन के साथ नांगलोई एक्सटेंशन में रहते हैं। वह बालों को तिरुपति बालाजी से खरीदकर नांगलोई लाते हैं। जहां पर विग बनाने का काम है। 27 जुलाई की सुबह उसने पुलिस को फोन कर डकैती की सूचना दी। जांच में पता चला कि पांच हथियारबंद बदमाश उसकी दुकान पर आए थे। इन्होंने पिस्तौल दिखाकर दोनों भाइयों को बंधक बना लिया और उनकी जमकर पिटाई कर दी। फिर एक रूम में बंद कर विग और 230 किलोग्राम बाल के अलावा 30 हजार रुपये और दो मोबाइल लूटकर फरार हो गए।

एक दिन पहले भी आए थे बदमाश

पुलिस के अनुसार लूटपाट करने वाले बदमाश एक दिन पहले भी दुकान की रेकी करने आए थे। इस दौरान उन्होंने विग पसंद किया और शाम को आने की बात कहकर चले गए। उस दिन वह नहीं आए। अगले दिन सुबह आने से पहले उन लोगों ने दुकान पर फोन किया था। मामला दर्ज कर नांगलोई पुलिस ने बदमाशों के नंबर को सर्विलांस पर लगाया। जांच टीम ने बदमाशों के ठिकाने का पता लगाकर रामपुर उत्तर प्रदेश निवासी मंगलसेन को गिरफ्तार कर लिया।

विग को लक्ष्मी नगर इलाके में रखा

मंगलसेन ने बताया कि वारदात में रामपुर निवासी राहुल और राजेश और दो अन्य शामिल थे। सभी ने पीरागढ़ी निवासी राकेश के कहने पर वारदात को अंजाम दिया। इस खुलासे पर पुलिस ने राकेश को गिरफ्तार कर लिया। राकेश ने बताया कि उसने विग को लक्ष्मी नगर इलाके में रखा है। पुलिस ने विग बरामद कर लिया है। इसकी कीमत 25 लाख आंकी गई है।