
दिल्ली-एनसीआर में अगले छह दिनों तक बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
IMD Latest Prediction: भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने राजधानी दिल्ली और एनसीआर क्षेत्र समेत देश के विभिन्न हिस्सों में आंधी-बारिश और तूफान का पूर्वानुमान जारी किया है। इसके अनुसार, अगले छह दिनों तक आंधी-तूफान और बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने गुरुवार, शनिवार और रविवार के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इन तीनों दिनों में हवाएं 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि पिछले दो दिनों से दिल्ली-एनसीआर में तेज आंधी और तूफान ने भीषण गर्मी से राहत दिलाई है। हालांकि उमस अभी भी परेशान कर रही है। गुरुवार को जहां मौसम विभाग ने बारिश का अलर्ट जारी कर राहत दी है। वहीं मॉनसून को लेकर भी ताजा अपडेट बताया है। इससे पहले आप बुधवार के मौसम का हाल जान लीजिए।
मौसम विभाग के प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, बुधवार को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली का अधिकतम तापमान 34.2 डिग्री सेल्सियस रहा। जो सामान्य से फिलहाल 4.6 डिग्री कम है। वहीं न्यूनतम तापमान 24.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जो औसत तापमान से फिलहाल 3.3 डिग्री कम है। मौसम विभाग ने गुरुवार को दिल्ली-एनसीआर का न्यूनतम तापमान 27.2 डिग्री और अधिकतम 34 डिग्री के आस-पास रहने का अनुमान बताया है।
मौसम विभाग के ताजा अपडेट के अनुसार, गुरुवार को दिल्ली-एनसीआर में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। इस दौरान कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। इसके साथ ही आंधी-तूफान और बिजली गिरने की चेतावनी के साथ येलो अलर्ट जारी किया गया है। जबकि शुक्रवार को गरज के साथ हल्की बारिश और तेज हवाओं की संभावना है। इस दौरान तापमान 36 से 38 डिग्री सेल्सियस अधिकतम और 27 से 29 डिग्री न्यूनतम के बीच रहने की संभावना है।
बात अगर शनिवार और रविवार की करें तो दोनों दिन के लिए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान दिल्ली-एनसीआर में हल्की से मध्यम बारिश और तेज आंधी आने की संभावना है। मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि शनिवार को तापमान 35–37 डिग्री (अधिकतम) और 26–28 डिग्री (न्यूनतम) रह सकता है।
वहीं रविवार को तापमान 34–36 डिग्री (अधिकतम) और 25–27 डिग्री (न्यूनतम) रहने की संभावना जताई गई है। इसके साथ ही सोमवार को हल्की बारिश और तेज हवाओं की संभावना बनी रहेगी। तापमान में विशेष बदलाव नहीं होगा। जबकि मंगलवार को आसमान में आंशिक बादल रहेंगे, लेकिन बारिश की कोई संभावना नहीं है। अधिकतम तापमान स्थिर रहेगा, जबकि न्यूनतम तापमान 26 से 28 डिग्री तक जा सकता है।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि दिल्ली-एनसीआर में मॉनसून का इंतजार खत्म होने वाला है। IMD के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मॉनसून इस साल समय से पहले यानी 20 से 23 जून के बीच दिल्ली-एनसीआर में दस्तक दे सकता है। यह सामान्य समय (30 जून) से 7-10 दिन पहले है। प्री-मॉनसून बारिश का दौर पहले ही शुरू हो चुका है और 23 जून तक यह सिलसिला जारी रहेगा। मॉनसून के आते ही जुलाई में जोरदार बारिश की उम्मीद है, जो गर्मी से परेशान लोगों और किसानों के लिए राहत लाएगी।
आज दिल्ली-एनसीआर में तापमान का पारा थोड़ा नरम मिजाज दिखा रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक, गुरुवार को अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। गुरुवार को दिन में बादलों की लुकाछिपी गर्मी से कुछ राहत दे सकती है। इस दौरान हवाओं की रफ्तार 40-60 किमी/घंटा तक हो सकती है। जिसके साथ गरज-चमक भी देखने को मिल सकती है। नोएडा, गाजियाबाद, गुड़गांव और फरीदाबाद में भी बारिश की संभावना है।
गुरुवार सुबह 9 बजे दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 99 दर्ज किया गया। जो ‘संतोषजनक’ श्रेणी में आता है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार 0-50 वायु गुणवत्ता सूचकांक अच्छा माना जाता है। जबकि 51-100 के बीच संतोषजनक, 101-200 के बीच मध्यम, 201-300 के बीच खराब, 301- 400 के बीच बहुत खराब और 401- 500 के बीच वायु गुणवत्ता सूचकांक बेहद गंभीर स्थिति में माना जाता है।
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
संबंधित विषय:
Updated on:
20 Jun 2025, 10:25 AM IST
Published on:
19 Jun 2025, 3:12 PM IST
बड़ी खबरें
View Allनई दिल्ली
दिल्ली न्यूज़




