
AITC के सांसद अभिषेक बनर्जी (Photo-IANS)
Abhishek Banerjee Letter: संसद के आगामी विशेष सत्र में परिसीमन से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक पर होने वाले मतदान से पहले सांसद अभिषेक बनर्जी ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को पत्र लिखा है। उन्होंने मांग की है कि उनकी पार्टी के 20 बागी सांसदों को आगामी सत्र में मतदान करने से रोका जाए।
अभिषेक बनर्जी का तर्क है कि इन सांसदों के खिलाफ दल-बदल के आधार पर अयोग्यता की याचिकाएं लंबित हैं और जब तक कोई अंतिम फैसला नहीं आ जाता, तब तक उन्हें संसद में मतदान करने की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए। इसके अलावा, उन्होंने सदन के भीतर इन सांसदों के लिए की गई अलग बैठने की व्यवस्था की समीक्षा करने का भी अनुरोध किया है।
लोकसभा अध्यक्ष को लिखे अपने पत्र में अभिषेक बनर्जी ने बताया कि तृणमूल कांग्रेस के टिकट पर चुने गए 20 सदस्यों ने NCPI के साथ विलय का दावा किया है, जिसके चलते सदन में उनके बैठने के लिए अलग व्यवस्था की गई है। हालांकि, 19 जून को लोकसभा सदस्यों की अयोग्यता से जुड़े नियमों के तहत इन सभी 20 सदस्यों के खिलाफ अयोग्यता याचिकाएं दायर की गई थीं, जो अभी भी लंबित हैं। वहीं, लोकसभा की आधिकारिक वेबसाइट पर अब भी तृणमूल कांग्रेस की सदस्य संख्या 28 ही दर्शाई जा रही है, जिसमें ये 20 सदस्य भी शामिल हैं।
अभिषेक बनर्जी ने अपने पत्र में कहा है कि जब तक इन 20 सदस्यों के खिलाफ अयोग्यता की कार्यवाही पर कोई अंतिम फैसला नहीं आ जाता, तब तक उन्हें विशेष सत्र के दौरान वोटिंग में हिस्सा लेने की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए। उन्होंने बताया कि संविधान संशोधन विधेयक को पारित करने के लिए सदन में मौजूद और वोट करने वाले सदस्यों के दो-तिहाई बहुमत की आवश्यकता होती है। चूंकि इन सांसदों से जुड़े मामले अभी भी लंबित हैं, इसलिए संसदीय कार्यवाही में उनके वोटों को शामिल करने से चल रही प्रक्रिया पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।
संविधान की दसवीं अनुसूची के प्रावधानों का हवाला देते हुए अभिषेक बनर्जी ने इन सांसदों द्वारा किए गए विलय के दावे पर कानूनी सवाल उठाए हैं। पैरा 2(1) के स्पष्टीकरण (a) का जिक्र करते हुए बनर्जी ने कहा कि एक निर्वाचित सदस्य उसी राजनीतिक दल का माना जाता है, जिसके टिकट पर उसने चुनाव लड़ा था। उन्होंने कहा कि दसवीं अनुसूची के पैरा 4 को पूरी तरह से पढ़ा जाना चाहिए। इसका संरक्षण केवल तभी मिलती है जब मूल राजनीतिक दल किसी दूसरे दल में विलय कर लेता है।
अभिषेक बनर्जी के अनुसार, पैराग्राफ 4(2) के तहत दो-तिहाई सदस्यों के बहुमत की शर्त को एक स्वतंत्र प्रावधान के रूप में नहीं देखा जा सकता, जो केवल संसदीय या विधायक दल को खुद का किसी दूसरे दल में विलय करने की अनुमति दे। चूंकि मूल राजनीतिक दल के रूप में तृणमूल कांग्रेस का NCPI में कोई विलय नहीं हुआ है, इसलिए इन 20 सांसदों के दावे की संवैधानिक ढांचे के भीतर जांच आवश्यक है।
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
बड़ी खबरें
View Allसमाचार




