
ठिठुरन-गलन से जाड़े का असर हावी, शेखावाटी में शीतलहर की चेतावनी
राजधानी जयपुर समेत पूरे राजस्थान में बर्फीली हवाओं का असर हावी है। ठंडी हवाओं के साथ ही गलनभरी सर्दी का अहसास बढ़ रहा है। जयपुर में भी बीती रात को तेज सर्दी रही। इसके साथ ही सीजन में पहली बार दो दिनों से पारा दस डिग्री से नीचे दर्ज किया गया। बीती रात को जयपुर का पारा 9.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जयपुर, बीकानेर, जोधपुर और भरतपुर संभाग के कई जिलों के तापमान में बीते 48 घंटे में तीन डिग्री सेल्सियस तक गिरावट रही है। इससे ठंड अपने तेवर दिखाने लगी है। ठिठुरन-गलन अचानक से बढ़ गई है।
माउंट आबू के पारे में बढ़ोतरी, अन्य जगहों पर गिरा पारा
हिल स्टेशन माउंट आबू में फिर से पारे में पांच डिग्री का उछाल दर्ज किया गया। यहां पारा सात डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। फतेहपुर में पारा 1.9 डिग्री दर्ज किया गया। इससे यहां बर्फ की परतें जम गईं। चूरू का पारा दो, सीकर का 3.5, श्रीगंगानगर का 6.7, पिलानी का 5.7, अलवर का 5.2, जयपुर का 9.2 डिग्री सेल्सियस पारा दर्ज हुआ। मौसम केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि सर्द हवाओं का असर आने वाले एक-दो दिन और बना रहेगा, जिससे कुछ अन्य शहरों के तापमान में भी मामूली गिरावट देखने को मिल सकती है
यहां के लिए चेतावनी
मौसम विभाग ने अगले दो दिन राजस्थान के झुंझुनूं, सीकर, चूरू समेत हनुमानगढ़ और अलवर में शीतलहर की चेतावनी दी है। पहाड़ों से आ रही सर्द हवाओं का सबसे ज्यादा असर उत्तर-पूर्वी राजस्थान के जिलों में रहा। इसी कारण आज जयपुर, बीकानेर, जोधपुर और भरतपुर संभाग के जिलों में तापमान नीचे आ गया।
Updated on:
17 Dec 2022, 10:55 AM IST
Published on:
17 Dec 2022, 10:55 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.