
भोपाल। वैसे तो हमारा भविष्य इस बात पर निर्भर करता है कि हमारी किस्मत में क्या है और हम किस दिशा में कड़ी मेहनत कर रहे हैं? लेकिन शास्त्रों में ऐसी कई विधाएं हैं या उपाय हैं, जो हमारे भविष्य को संवारने में हमारी मदद करते हैं। ऐसे ही उपाय चीनी ज्योतिष में भी हैं। वे हैं फेंग शुई के उपाय। मान्यता है कि फेंग शुई के मुताबिक कुछ चीजों को घर में लाने और सही दिशा में रखने भर से ही आपकी बंद किस्मत के ताले खुल जाते हैं। आपके घर की दहलीज पर खुशियों की खबरों की लाइन लग जाती है। आपकी आर्थिक स्थिति सही हो जाती है और सेहत भी सुधरने लगती है। इस लेख में हम आपको बताने जा रहे हैं, फेंगशुई की ऐसी ही बातें, जिन्हें जानकर आप हैरान रह जाएंगे। आज हम आपको बताते हैं कि घर या दफ्तर में अगर आप हाथी की छोटी प्रतिमा रखते हैं तो उससे आपको चौंकाने वाले लाभ मिल सकते हैं...
गणेश जी की बनी रहती है कृपा
हिन्दु शास्त्रों में हाथी को सफलता और शांति का प्रतीक माना गया है। कहा जाता है कि हाथी की प्रतिमा रखने से सारी मनोकामनाएं जल्द ही पूरी होने लगती हैं। जिस घर में हाथी की मूर्ति होती है, उस घर में रहने वाले सदस्यों पर भगवान गणेश की कृपा बनी रहती है। अगर आपके कोई संतान नहीं है, तो अपने बेडरूम में हाथी की 2 छोटी प्रतिमाएं रख लें। ईश्वर की कृपा से आपको सूनी गोद जल्द ही भर जाएगी।
दूर हो जाएगी आर्थिक तंगी
अगर आप आर्थिक तंगी से जूझ रहे हैं। सैलरी आते ही खर्च हो रही है, तो आप नए साल में सूंड उठाए खड़े हाथी की 2 प्रतिमा अपने घर ले आएं। इन दोनों मूर्तियों को अपने घर के मुख्य द्वारों पर लगाया जाना चाहिए। ऐसा करने से नकारात्मक ऊर्जा घर में प्रवेश नहीं करेगी। इसके साथ ही परिवार में धन का प्रवाह बढऩे लगेगा। कुल मिलाकर आपकी आर्थिक समस्या दूर हो जाएगी।
हाथी रखने से पहले इन बातों का रखें ध्यान
- अगर आप फेंग शुई के मुताबिक घर में हाथी की प्रतिमाएं लाना चाहते हैं, तो आपको इस बात का ख्याल रखना होगा कि काले रंग के हाथी की प्रतिमा कभी न खरीदें। यह रंग शोक और दुख का प्रतीक होता है, जिसे घर में लाने से परिवार के बाकी लोगों पर भी संकट आ सकता है। आप सफेद रंग का हाथी खरीदकर लाएं यह शुभ माना गया है।
- आप अगर 2 हाथियों का जोड़ा खरीदकर ला रहे हैं तो इस बात को जरूर ध्यान रखें कि वे एक-दूसरे की ओर पीठ करके न खड़े हों। ऐसा करने से घर में कलह और झगड़े का माहौल बनता है। लिहाजा उन्हें हमेशा एक-दूसरे की ओर मुख करके ही खड़ा करना चाहिए। जब भी हाथी की प्रतिमा घर में लाएं तो उन्हें हमेशा घर की उत्तर दिशा में ही रखना चाहिए।
Updated on:
26 Dec 2022, 5:29 PM IST
Published on:
26 Dec 2022, 5:28 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.