
नोएडा। दिल्ली एनसीआर में लगातार प्रदूषण बढ़ रहा है। जिसके चलते लोगों का सांस लेना भी मुहाल हो गया है। खासतौर से छोटे बच्चे और सांस के मरीजों एवं बुजुर्गों को बेहद परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसी को देखते हुए सुप्रीम कोर्ट द्वारा बनाई गई (EPCA) ईपीसीए कमेटी ने बुधवार को सभी स्कूलों को 14 और 15 नवंबर यानी 2 दिन बंद किए जाने के आदेश दिये थें। इस पर गौतमबुद्ध नगर से लेकर गाजियाबाद, मेरठ और बुलंदशहर के जिलाधिकारी ने इस आदेश का पालन करने के लिए आदेश दिया था। इसके बावजूद जिले में कई (School Open) स्कूल खुले रहे। इस पर गौतमबुद्ध नगर में एक स्कूल के खिलाफ उपजिलाधिकारी दादरी राजीव राय ने एफआईआर दर्ज करने के आदेश दिया।
आदेश न मानने पर दर्ज स्कूल पर दर्ज की एफआईआर
गौतमबुद्ध नगर में जिला मजिस्ट्रेट के आदेश के उपरांत दादरी में स्कूल खोले जाने पर अंशु पब्लिक स्कूल के विरुद्ध एफआईआर की कार्रवाई की गई है। दरअसल ईपीसीए के आदेशों के अनुपालन में 14 एवं 15 नवंबर को कक्षा 12 तक के सभी सरकारी एवं प्राइवेट स्कूल बंद करने के आदेश निर्गत किए गए थे। इसी क्रम में गुरुवार को उप जिलाधिकारी दादरी राजीव राय के नेतृत्व में नायब तहसीलदार सीमा सिंह के द्वारा दादरी में अभियान चलाकर स्कूलों की जांच की गई। इसमें अंशु पब्लिक स्कूल एवं चिल्ड्रंस एकैडमी स्कूल खुले हुए मिले। इस पर तहसीलदार ने स्कूल बंद करने के आदेश दिये। इसके बावजूद अंशु पब्लिक स्कूल के मैनेजर द्वारा स्कूल बंद नहीं किया गया। इस पर पुलिस मैनेजमेंट के खिलाफ एफआईआर की कार्रवाई की गई।
गाजियाबाद में भी खुले रहे कई स्कूल
वहीं दिल्ली से सटे गाजियाबाद की बात की जाए तो यहां पर बुधवार को जिला अधिकारी के द्वारा दिए गए आदेशों के बावजूद कुछ स्कूल संचालकों द्वारा उल्लंघन किया गया है। जिले में कई स्कूल खुले रहे। इतने भारी स्मॉग के चलते सभी छोटे-छोटे बच्चे स्कूल जाते दिखाई दिए, लेकिन देखने वाली बात यह है कि क्या प्रशासन इन स्कूलों के खिलाफ कोई कार्रवाई कर पाता है या नहीं। इस मामले में बेसिक शिक्षा अधिकारी राजेश कुमार का कहना है कि ईपीसीए द्वारा 14 और 15 नवंबर को कक्षा 12 तक के स्कूल बंद किए जाने के जो आदेश किए गए थे। वह 13 तारीख की देर शाम दिए गए थे । जिसके कारण कुछ स्कूल के बच्चों को सूचना नहीं मिल पाई थी। और बच्चे समय पर स्कूल पहुंचे, लेकिन 15 नवंबर को पूरी तरह स्कूल बंद रहेंगे। यदि उसके बावजूद भी कोई स्कूल खुला पाया गया तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Published on:
14 Nov 2019 06:32 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
