
नोएडा। सरकार व प्रशासन से घर की मांग कर रहे आम्रपाली के बायर्स ने रविवार को फिर से प्रदर्शन रैली निकाली। इस दौरान नेफोवा संग आम्रपाली के गोल्फ होम्स, ड्रीम वैली, सैंचुरियन पार्क और वेरोना हाईट्स के सैकड़ों बायर्स सड़कों पर उतरे और बिल्डर के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। यहां मौजूद बायर्स ने पीएम मोदी और सीएम योगी से गुहार लगाई कि उन्हें जल्द से जल्द घर दिलाए जाए और बिल्डर के खिलाफ कार्रवाई की जाए। इस दौरान करीब 50 बायर्स ने बिसरख थाने में बिल्डर के खिलाफ शिकायत भी दी है। यहां प्रदर्शन करने लोगों में महिला व बुजुर्गों के साथ बच्चें भी शामिल रहे।
प्रदर्शन में शामिल एक बायर योगेश ने बताया कि हम लोगों ने बड़ी उम्मीद के साथ आम्रपाली बिल्डर के प्रोजेक्ट में पैसा लगाया था। लेकिन बिल्डर ने हम लोगों से 90 फीसदी तक पैसा ले लिया है और अब घर देने का समय आया तो खुद को दिवालिया दिखाने में जुट गया है। उन्होंने बताया कि अब हम लोग घर न मिलने पर भी बैंकों की ईएमआई चुका रहे हैं। जबकि अब हम लोगों के सामने बच्चों के पढ़ाने से लेकर बैंकों की ईएमआई चुकाने के लिए पैसों की बहुत बड़ी आर्थिक तंगी आ गई है। हमारी खून-पसीने की कमाई बिल्डर ने ले ली है तो अब हम लोग कहां जाए, क्योंकि हमारी न तो पुलिस सुनवाई कर रही है और न ही सरकार।
वहीं यहां मौजूद एक महिला बायर ने बताया कि हम लोग लगातार सरकार से मांग कर रहे हैं कि बिल्डर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, क्योंकि तभी बिल्डर हमारे पैसे वापस देगा। लेकिन न तो बिल्डर के खिलाफ कोई कार्रवाई हुई और न ही हमारे घर दिलाए गए। सरकार और प्रशासन द्वारा सिर्फ आश्वासन दिया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि पिछले करीब 44 दिनों से बायर्स सेक्टर- 62 स्थित आम्रपाली बिल्डर के दफ्तर के बाहर धरने पर बैठे हुए हैं और शहर में लगातार अलग-अलग ढंग से प्रदर्शन कर सरकार से मांग कर रहे हैं कि बिल्डर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
Published on:
24 Sep 2017, 7:18 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.