
रोक के बावजूद इस तरह बनाए जा रहे शस्त्र लाइसेंस, वायरल वीडियो में हुआ खुलासा
नोएडा. गौतमबुद्ध नगर जिले के पुलिस मुखिया पद संभालते समय एसएसपी वैभव कृष्ण ने सख्त संदेश दिया था कि अगर कोई पुलिसकर्मी किसी अपराधी को संरक्षण देते हुए या भ्रष्टाचार में लिप्त पाया गया तो उसके खिलाफ तत्काल कठोर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उनके पदग्रहण के दूसरे दिन ही सुरजपुर पुलिस लाइन के आर्मरर (शस्त्रसाज)के पद तैनात हेड कांस्टेबल का रिश्वत लेते विडियो वायरल हो गया। वीडियो में आर्मरर शस्त्र लाइसेंस करने वाले आवेदक से प्रशिक्षण दिलाने के नाम पर रिश्वत ले रहा है। जबकि जिले में शस्त्र लाइसेंस बनाने पर रोक लगी हुर्इ है। इस मामले में एसएसपी ने हेड कांस्टेबल के खिलाफ सूरजपुर कोतवाली में मुकदमा दर्ज करवाया है। साथ ही आरोपी हेड कांस्टेबल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
बता दें कि शुक्रवार रात सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था। वायरल वीडियो में आर्मरर के पद पर तैनात हेड कांस्टेबल सतेंद्र कुमार शस्त्र लाइसेंस के लिए आवेदन करने वाले से प्रशिक्षण कराने के नाम पर रिश्वत ले रहा है। वीडियो में सतेंद्र कुमार के हाथ में कुछ नोट भी दिख रहे हैं। वीडियो वायरल होने पर एसएसपी वैभव कृष्ण ने तुरंत पुलिस लाइन के आरआई को मामले की जांच कर सख्त करवाई करने के आदेश दिए। इसके बाद आरआई मनोज सिंह ने वीडियो का संज्ञान लेते हुए सूरजपुर कोतवाली में आर्मरर के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया आैर इसके तुरंत बाद सूरजपुर कोतवाली पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। सूरजपुर कोतवाली प्रभारी मुनीष चौहान ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गर्इ है।
सवाल यह उठता है कि जब जिले में शस्त्र लाइसेंस बनाने पर रोक लगी हुर्इ है तो आर्मरर शस्त्र लाइसेंस बनवाने वाले आवेदकों का प्रशिक्षण कैसे कराने की बात कर रहा था। यह भी जांच का विषय है।
Updated on:
13 Jan 2019, 12:32 PM IST
Published on:
13 Jan 2019, 12:32 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.