
नोएडा. कोरोना वायरस की वैश्विक महामारी के मद्देनजर जिलाधिकारी सुहास एलवाई ने नोएडा के चार निजी अस्पतालों को टेकओवर कर लिया है। उन्होंने चारों अस्पतालों का अधिग्रहण कर मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) को सौंप दिया है। डीएम ने सीएमओ को निर्देश दिया है कि वह इन अस्पतालों को अतिशीघ्र आइसोलेशन वार्ड में तब्दील करें। इससे पूर्व जिला प्रशासन संदिग्ध मरीजों को क्वारंटाइन करने के लिए 8 अस्पतालों का अधिग्रहण किया कर चुका है। इन अस्पतालों में मेडिकल स्टाफ, पुलिस और पेड क्वारंटाइन लोगों को रखा जा रहा है।
बता दें कि अब तक नोएडा में 59 कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। मंगलवार को लैब टेक्नीशियन को कोराेना पॉजिटिव पाए जाने से पहले संक्रमितों की संख्या जिले में 58 थी। वहीं अब तक 8 संक्रमित कोरोना को हराकर अपने-अपने घरों में आराम कर रहे हैं। फिलहाल जिला प्रशासन कोई ढील देने के मूड में नहीं हैं। भविष्य के खतरों को देखते हुए शहर के चार निजी अस्पतालों को अधिग्रहित कर उसे सीएमओ के सुपुर्द कर दिया गया है। जिन अस्पतालों को टेकओवर किया गया है, उनमें सेक्टर-35 का सुरभि अस्पताल, सेक्टर-29 का भारद्वाज अस्पताल, सेक्टर-61 का लाइफ केयर हॉस्पिटल और सेक्टर-19 का इंडो-गल्फ हास्पिटल शामिल है।
डीएम सुहास एलवाई ने बताया कि इन अस्पतालों के संपूर्ण संसाधन को भी अभिग्रहित किया गया है। उनमें डॉक्टर, पैरा मेडिकल स्टाफ और चिकित्सा उपकरण शामिल हैं। इससे पूर्व जिला प्रशासन संदिग्ध मरीजों को क्वारंटाइन करने के लिए 8 होटलों का अधिग्रहण किया जा चुका है, जिसमें नोएडा के सेक्टर-18 स्थित होटल रेडिसन ब्ल्यू, सेक्टर-63 के होटल जिंजर, सेक्टर-18 के होटल मोजैक और सेक्टर-37 स्थित होटल गोल्फ व्यू के अलावा ग्रेटर नोएडा के होटल रेडिसन ब्ल्यू, जिमखाना होटल और सावोय स्विट्स समेत 8 होटल शामिल हैं।
तबलीगी जमात के सदस्यों के संपर्क में आए 200 लोग क्वारंटीन
बता दें कि सेक्टर-8 और सेक्टर-5 में रहने वाले तकरीबन 200 लोगों को क्वारंटीन किया गया है। बताया जा रहा है कि ये सभी लोग 30 परिवारों से हैं। अधिकारियों का कहना है कि अभी तक इनमें से किसी को भी कोरोना वायरस की पुष्टि नहीं हुई है। इन सभी को संक्रमितों के संपर्क में आने के बाद एहतियातन क्वारंटीन वार्ड में रखा गया है। अब इन लोगाें की जांच की जाएगी। गौतमबुद्धनगर के डीसीपी संकल्प शर्मा ने बताया कि नोएडा सेक्टर-5 के हरोला और सेक्टर-8 के ये सभी लोग तबलीगी जमात के सदस्यों के संपर्क में आए थे। हालांकि अभी इनमें कोरोना के लक्षण नहीं दिखे हैं। इन सभी को एहतियातन क्वारंटीन किया गया है।
यह भी पढ़ें- coronavirus यूपी के इस जिले में शुरू हुआ देश का पहला Open COVID-19 सैंपलिंग सेंटर
Published on:
8 Apr 2020, 9:45 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.