आर्ट लाइफ गैलरी में चल रही पेंटिंग एक्जिबिशन में शामिल इन पेंटिंग को तिहाड़ जेल में सजा काट रहे कैदियों ने बनाया है। इन पेंटिंग में सामाजिक समस्याएं, पर्यावरण, दर्शन और धर्म को विषय बनाया गया है। भगवान श्रीकृष्ण, गौतम बुद्ध, गणेश और श्रीकृष्ण की पेंटिंग में मुद्राएं देखकर आनंद की अनुभूति होने के साथ इस बात का भी एहसास होता कि अपराध की कालिमा चाहे कितनी गहरी हो हुनर को छिपाना और दबाना आसान नहीं होता। एक्जिबिशन में 70 पेंटिंग और लकड़ी की बनीं 14 मूर्तियां प्रदर्शित की गई हैं। ये 16 कैदियों बनाई हैं। डीजी (जेल) अजय कश्यप कहते हैं कि जेल का मकसद कैदी को सजा देना ही नहीं, बल्कि उन्हें सुधारना भी है। कैदियों के लिए तिहाड़ स्कूल ऑफ आर्ट का संचालन भी किया जाता है, जिसमें उन्हें पेंटिंग और संगीत आदि की बारीकियां भी सिखाई जाती हैं। वे कहते हैं कि इन कलाकृतियों को खरीदा जा सकता है। बिक्री से अर्जित राजस्व दो भागों में बांटा जाएगा। आधा कैदियों को दिया जाएगा और आधा बंदी कल्याण निधि में जाएगा। जिससे जेल में बंद बंदियों के लिए कार्यक्रमों का संचालन किया जाता है।