
गोरखपुर व फूलपुर में भाजपा को हराने के बाद अब कैराना पहुंचे सपा के ये दिग्गज
नोएडा। गोरखपुर और फूलपुर उपचुनाव जीतने के बाद विपक्ष ने कैराना और नूरपुर के लिए भी ताकत झोंक दी है। वहीं, भाजपा भी इन सीटों को खोने के मूड में नहीं है। इसको लेकर दोनों तरफ से धुआंधार प्रचार किया जा रहा है और नेताओं की जनसभाएं हो रही हैं। कैराना से भाजपा की तरफ से हुकुम सिंह की बेटी मृगांका और रालोद की उम्मीदवार तबस्सुम हसन मैदान में हैं। तबस्सुम को सपा का भी समर्थन प्राप्त है।
तबस्सुम हसन के समर्थन में की प्रेसवार्ता
गुरुवार को फूलपुर के सांसद नगेंद्र पटेल और गोरखपुर के सांसद प्रवीण निषाद शामली पहुंचे। यहां वे रालोद व सपा गठबंधन की उम्मीदवार तबस्सुम हसन के समर्थन में आए थे। इस दौरान उन्होंने कहा कि उन्होंने भाजपा की तानाशाही के विरोध में गठबंधन किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा लोगों को धोखा दे रही है। वह विकास समेत बाकी मुद्दों से लोगों का ध्यान भटकाकर उन्हें बेरोजगारी, भ्रष्टाचार व उत्पीड़न की तरफ भेज रही है। ये बातें उन्होंने एक प्रेसवार्ता के दौरान कहीं।
भाजपा पर लगाए दलितों पर अत्याचार के आरोप
प्रेसवार्ता के दौरान उन्होंने कहा कि गोरखपुर और फूलपुर की तरह जनता भाजपा को यहां भी सबक सिखाएगी। लोग भाजपा की गलत नीतियों से परेशान हैं। 28 मई काे कैराना के लोग भाजपा के खिलाफ मतदान करेंगे। उन्होंने कहा कि देश में दलित समाज की अवहेलना की जा रही है। उन पर अत्याचार किया जा रहा है। गरीबों और दलितों का भाजपा के शासन में उत्पीड़न हो रहा है। उनको न्याय नहीं मिल पा रहा है।
सपा की उपलब्धियां भी गिनाईं
उन्होंने कहा कि गोरखुपर और फूलपुर की तरह कैराना में भी बदलाव की जरूरत है। इस दौरान उन्होंने समाजवादी पार्टी की उपलब्धियां भी गिनाईं। उन्होंने कहा कि सपा ने गरीबों और दलितों को हमेशा सम्मान दिया है। इस दौरान पूर्व मंत्री बलराम यादव, सपा के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल, पूर्व मंत्री शाहिद मंजूर, डाॅ. राजपाल कश्यप, प्रोफेसर सुधीर पंवार, जिलाध्यक्ष अशोक चौधरी भी मौजूद रहे।
देखें वीडियो: ग्रह कलेश के चलते महिला ने गंग नहर के पुल से लगाई छलांग
Published on:
18 May 2018 02:59 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
