
नोएडा। दिल्ली की एक प्राइवेट लैब की जांच में कैब चालक कोविड-19 का पॉजिटिव पाया गया। इस पर कैब चालक अस्पताल में भर्ती होने के बजाय अपनी कार से नोएडा की ओर भाग निकला। लैब ने इसकी सूचना नोएडा के स्वास्थ्य विभाग को दी। स्वास्थ्य विभाग से मिले इनपुट के बाद नोएडा पुलिस सक्रिय हो गई। शुक्रवार रात को पुलिस ने नोएडा के सेक्टर—14A चिल्ला बॉर्डर के पास कार को रुकवा लिया। एंबुलेंस की सहायता से मरीज को आइसोलेशन वार्ड में भर्ती करा दिया गया है।
कार में ही रहने को बोला गया
कार में सवार होकर आया कोविड-19 का मरीज नोएडा में दाखिल होना चाहता था, लेकिन दिल्ली—नोएडा सीमा पर पुलिस मुस्तैदी के साथ डटी हुई थी। एडिशनल डीसीपी रणविजय सिंह ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग से मिले इनपुट के बाद पीपीई किट से लैस पुलिस की स्पेशिल टीम को मौके पर बुलाकर चिल्ला बॉर्डर पर चेकिंग की गई। जैसे ही कार चालक पहुंचा तो कार को रुकवाकर उसकी गाड़ी को सड़क किनारे करवाया गया। जब तक स्वास्थ्य विभाग की एंबुलेंस नहीं आ गई, व्यक्ति को कार में रहने को बोला गया। एंबुलेंस आने पर उसे स्वास्थ्य विभाग ने पुलिस की सहायता से ग्रेटर नोएडा स्थिति शारदा अस्पताल में भर्ती कराया है।
सीआरपीएफ का जवान भी आया पॉजिटिव
सीएमओ डॉ. दीपक ओहरी का कहना है कि मरीज ने दिल्ली की एक लैब से जांच कराई थी। रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद दिल्ली प्रशासन ने इसकी जानकारी स्वास्थ्य विभाग को दी। चूंकि मरीज की जांच दिल्ली में हुई थी इसलिए केस को नोएडा में शामिल नहीं किया गया है। व्यक्ति पेशे से चालक है व सेक्टर-39 में रहता है। फिलहाल उसके परिवार को होम क्वारंटाइन कर दिया गया है। वहीं, नोएडा में शुक्रवार को कुल 6 नए मामले सामने आए हैं। इनमें एक सीआरपीएफ का जवान भी शामिल है। वह मूल रूप से दिल्ली के मयूर विहार इलाके का रहने वाला है।
Updated on:
25 Apr 2020 09:54 am
Published on:
25 Apr 2020 09:49 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
