नोएडा. महंगे प्याज से परेशान लोगों के लिए राहत भरी खबर आई है। एक तरफ प्याज की देशी फसल आने के बाद जहां देश में प्याज की आमद बढ़ी है। वहीं, विदेशों तुर्की, मिस्र और ईरान से भी केन्द्र सरकार ने 42,000 टन प्याज आयात किया है। केन्द्र सरकार ने देश में प्याज की बेलगाम होती कीमत पर काबू पाने के लिए राज्य सरकारों की मांग पर आयात किया गया था। इन में से 34 हजार टन प्याज अभी तक देश में पहुंच भी चुकी है। लेकिन, कोई भी राज्य सरकार इस प्याज को लेने को तैयार नहीं है। लिहाजा, सरकार इस प्याज को विदेशों में बिना किसी लाभ और हानि के बेचना चाहती है। लेकिन कोई भी देश लेने को तैयार नहीं है। लिहाजा, सरकार अब खरीदी रेट से आधे दाम पर देश में ही प्याज बेचने की तैयारी में है।