बुलंदशहर में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में डॉ. शबीना ने कहा कि वह खुद बारात लेकर राहुल गांधी के घर जाएंगी। उन्होंने यह भी कहा कि उनकी शादी चार महिलाओं से कराई जाएगी। उनका कहना था कि राहुल गांधी को चार तलाक पीड़ित महिलाओं से शादी करनी चाहिए। हालांकि, उन्होंने ऐसा उनके विरोधस्वरूप कहा। दरअसल, डॉ. शबीना तीन तलाक, हलाला और बहु विवाह के खिलाफ मोर्चा खोले हुए हैं। मंगलवार को उन्होंने तीन तलाक पीड़िताओं के साथ में मीडिया के सामने उनका दर्द रखा। इस दौरान उन्होंने सपा और कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि महागठबंधन के नेता तीन तलाक संबंधी बिल में रोड़ा अटका रहे हैं। राहुल गांधी यदि बिल पास कराने में सहयोग नहीं करते तो इसका मतलब है कि वह शरिया कानून और बहुविवाह का समर्थन करते हैं। ऐसे में उन्हें चार तलाक पीड़ित महिलाओं से शादी करनी चाहिए।