
नोएडा। मेरठ में 25 फरवरी को आरएसएस का एक भव्य कार्यक्रम राष्ट्रोदय आयोजित होगा, जो पश्चिम उत्तर प्रदेश में होने वाला राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का अब तक का सबसे प्रोग्राम है। इस कार्यक्रम की तैयारी जोरों पर है। अनुमान है कि इस कार्यक्रम में करीब 5 लाख आरएसएस स्वयंसेवक जुटेंगे। इस कार्यक्रम की भव्यता का अंदाजा इसके मंच को देखकर ही लगाया जा सकता है। कमिश्नर डाॅ. प्रभात कुमार खुद तैयारी की समीक्षा कर चुके हैं।
अब तक साढ़े तीन लोग करा चुके हैं रजिस्ट्रेशन
कार्यक्रम प्रभारी अजय मित्तल ने बताया कि अभी तक साढ़े तीन लाख रजिस्ट्रेशन हो चुके हैं। एक दिन के इस कार्यक्रम में पश्चिम उप्र के सभी 21 जिलों से आरएसएस कार्यकर्ताओं के आने की उम्मीद है। रजिस्ट्रेशन का काम अभी चल रहा है। अजय मित्तल ने बताया कि मंच बनाने का काम चल रहा है। इसके अलावा अन्य सभी तैयारियां भी चल रही हैं। कार्यकर्ताओं के रुकने की भी व्यवस्था की जा रही है। कई जिलों से तो कार्यकर्ता एक दिन पहले कार्यक्रम में पहुंच जाएंगे। उनके रुकने का इंतजाम कार्यक्रम स्थल पर ही किया गया है। जागृति विहार एक्सटेंशन में होने वाले इस कार्यक्रम स्थल में प्रमुख चौराहे का नाम भी राष्ट्रोदय चौक रखा गया है।
मंच तक लिफ्ट से पहुंचेंगे सरसंघ चालक
राष्ट्रोदय के इस कार्यक्रम में बने मंच के निर्माण का काम जोरों पर चल रहा है। 35 फुट ऊंचे इस मंच पर सरसंघ चालक मोहन भागवत लिफ्ट के माध्यम से पहुंचेंगे। मंच पर संघ का कोई दूसरा पदाधिकारी नहीं बैठेगा। इस पर बस सरसंघ चालक के ही बैठने की व्यवस्था की गई है।
हेलीकाॅप्टर से रखी जाएगी नजर
राष्ट्रोदय कार्यक्रम स्थल की सुरक्षा के लिए अभी से 24 घंटे पुलिस की तैनाती की गई है, लेकिन कार्यक्रम शुरू होने से करीब 24 घंटे पहले पूरे कार्यक्रम स्थल की सुरक्षा की जिम्मेदारी आरएसएस के कार्यकर्ताओं के हाथ में होगी। बाहरी सुरक्षा व्यवस्था का जिम्मा स्थानीय पुलिस का होगा, जबकि कार्यक्रम के भीतर की सुरक्षा का जिम्मा आरएसएस कार्यकर्ता खुद संभालेंगे। 25 फरवरी को कार्यक्रम शुरू होने से पहले सुरक्षा के लिहाज से हेलीकाॅप्टर से नजर रखी जाएगी। पूरे इलाके में स्थानीय पुलिस और खुफिया एजेंसियां ड्रोन से सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखेंगी।
दूसरे जिलों से मंगवाई जा रही है फोर्स
राष्ट्रोदय के इस कार्यक्रम में दूसरे जिलों से भी पुलिस बल को मंगवाया जा रहा है। इसके अतिरिक्त स्थानीय अभिसूचना इकाई और इटेंलीजेंसी ब्यूरो भी अपने स्तर से सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखे हुए हैं।
Published on:
15 Feb 2018, 9:56 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.