बता दें कि नोएडा और गाजियाबाद समेत यूपी से करीब दो लाख वाहन रोजाना दिल्ली की सीमा में प्रवेश करते हैं। इनमें कुछ कार, ट्रक और टेम्पो ऐसे भी होते हैं, जो बुरी नजर से बचने के लिए नंबर प्लेट के ऊपर काला रिबन बांध लेते हैं या फिर नींबू-मिर्ची टांग लेते हैं। ऐसे में जब ये वाहन ट्रैफिक रूल तोड़ते हैं तो नंबर प्लेट के नंबर ठीक से सीसीटीवी कैमरे और ट्रैफिक पुलिस की नजर में नहीं आते। लेकिन, अब दिल्ली में प्रवेश करने वाले इन वाहन चालकों का चालान काटा जाएगा और 5000 हजार रुपए का जुर्माना भी भरना पड़ सकता है। दिल्ली यातायात पुलिस के विशेष आयुक्त डॉ. मुक्तेश चंद्र ने इन वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के आदेश जारी किए हैं। साथ ही इन वाहनों की जांच के लिए स्पेशल ड्राइव की शुरुआत की गई है।