नोएडा।अक्षय कुमार की फिल्म पैडमैन आने के बाद महिलाओं की एक बड़ी समस्या सामने आई है। एक रिपोर्ट में भी यह खुलासा हुआ है कि ग्रामीण व गरीब तबके की महिलाओं में सर्वाइकल कैंसर के मामले सबसे अधिक हैं। नेशनल इंस्टिट्यूट ऑफ कैंसर प्रिवेंशन एंड रिसर्च की रिपोर्ट के अनुसार, महिलाओं में होने वाले सभी तरह के कैंसर में 22 फीसदी का आंकड़ा सर्वाइकल कैंसर का है, जिसका मुख्य कारण महिलाओं द्वारा सैनेटरी नैपकिन का इस्तेमाल नहीं किया जाना बताया गया। वहीं, इसको लेकर कई संस्थाएं भी अब आगे आ रही हैं। जैसे मेरठ के मवाना में पैडवूमेन नाम का एक ग्रुप है, जो सस्ती तकनीक से सैनेटरी पैड बनाने का काम करता है। इतना ही नहीं उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में तो एक पैड बैंक खोला गया है, जो सैनेटरी पैड जुटाकर उन्हें गांवों और कंस्ट्रक्शन साइट पर काम करने वाली जरूरतमंद महिलाओं तक पहुंचाएगा।