
हरियाणा से लौटते समय लापता हुआ शख्स तो परिजनों ने यमुना एक्सप्रेस वे पर लगा दिया जाम
नोएडा। रबूपुरा कोतवाली क्षेत्र के तिरथली गांव के दो युवक हरियाणा के बल्लभगढ़ में भूसा बेचने गए थे। भूसा बेच कर वापस लौटते समय दोनों रास्ते में कहीं लापता हो गए। दोनों युवकों के घर न लौटने व संपर्क न हो पाने पर परिजन शिकायत देने कोतवाली पहुंचे। आरोप है यहां रबूपुरा व दनकौर कोतवाली पुलिस परिजनों को कोतवाली के चक्कर कटवाती रही। इससे परेशान होकर गुस्साएं ग्रामीणों ने शनिवार रात यमुना एक्सप्रेस वे पर जाम लगा दिया। यमुना एक्सप्रेस वे जाम करने के बाद पुलिस बैकफुट पर आई और मामले की रिपोर्ट दर्ज की गई।
हरियाणा के बल्लभगढ़ में भूसा बेचने गये थे दोनों युवक
जानकारी के अनुसार, रबूपुरा के तिरथली गांव निवासी असलम व नरेश उर्फ कलवा 31 जुलाई को हरियाणा के बल्लभगढ़ में भूसा बेचने गए थे। वह यहां भूसा देकर वापस लौट रहे थे, लेकिन घर पहुंचने से पहले ही रास्ते में कहीं लापता हो गए। उनके घर न लौटने पर परिजनों ने संपर्क किया, तो उनका मोबाइल फोन बंद मिला। असलम और नरेश का कुछ पता न लगने पर परिजन उनकी गुमशुदगी दर्ज कराने रबूपुरा कोतवाली पहुंचे। आरोप है कि यहां पुलिस ने मामला हरियाणा का बताकर पीडि़तों को टरका दिया। शुक्रवार शाम युवकों की ट्रैक्टर- ट्राली दनकौर क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेस वे के पास चपरगढ़ गांव के पास लावारिश अवस्था में मिली। इस पर परिजन दनकौर कोतवाली पहुंचे यहां भी पुलिस ने उन्हें टरका दिया। इस पर गुस्साऐं परिजन और गांव वालों ने यमुना एक्सप्रेस वे पर जाम लगा दिया।
यमुना एक्सप्रेस वे पर लगा दिया लंबा जाम, आश्वासन पर खोला
शनिवार रात ग्रामीणों ने नोएडा आगरा यमुना एक्सप्रेस वे पर जाम लगा दिया। वाहनों को रोकते ही गाडिय़ों की लंबी कतार लग गई। उधर जाम की सूचना पर पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही एक्सप्रेस वे पर ग्रेटर नोएडा के दस थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और जाम खुलवाया। इतना ही नहीं पुलिस अधिकारियों ने उनका मुकदमा दर्ज कर जल्द ही युवकों को तलाश करने का आश्वासन दिया। उधर पुलिस ने चपरगढ़ गांव के पास लावारिश अवस्था में मिली। ट्रैक्टर- ट्रॉली को कब्जे में ले लिया। सीओ जेवर शरद चंद शर्मा ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया है कि 24घंटे के बाद मामले में कार्रवाई की जाएगी। सीओ के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने जाम खोल दिया।
Published on:
04 Aug 2019 12:19 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
