जानकारी के मुताबिक, ईकोटेक-1 थाना क्षेत्र के गांव चूहड़पुर निवासी ट्रांसपोर्टर जितेंद्र भाटी ने बुलंदशहर के पूर्व विधायक गुड्डू पंडित पर अपनी दो गाड़ियां और 15 लाख रुपये हड़पने का आरोप लगाया है। जितेंद्र ने सोशल साइट पर वायरल हो रहे प्रधानमंत्री को संबोधित पत्र में खून से लिखा है, जिसमें जितेंद्र ने आरोप लगाते हुए कहा है कि पूर्व विधायक ने कुछ साल पहले उसकी दो कार किराए पर ली थीं। इसके बाद में पूर्व विधायक ने 15 लाख रुपये भी उससे उधार लिए। काफी समय तक कार व रुपये वापस न करने पर उसने तकादा किया तो उसे जान से मारने की धमकी दी जा रही है। अब जितेंद्र ने कहा है कि उसके साथ कोई भी अनहोनी होती है तो इसके लिए पूर्व विधायक गुड्डू पंडित जिम्मेदार होंगे। इस मामले में एसपी देहात विनीत जायसवाल का कहना है कि सोशल मीडिया में पत्र वायरल होने की जानकारी मिलने पर युवक को थाने में बुलाया गया है। थाने में जितेंद्र से पूछताछ के बाद जांच की जाएगी।