26 सितंबर 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

India vs Japan Asian Games Hockey: भारत की लगातार चौथी जीत, जापान को 2-0 से हराकर सेमीफाइनल में पहुंचा

India vs Japan: भारतीय मेंस हॉकी टीम ने एशियन गेम्स में जापान को 2-0 से हराकर लगातार चौथी जीत दर्ज की। 12 अंकों के साथ भारत ने सेमीफाइनल में जगह पक्की की।
2 min read
Google source verification
Indian Men's Hockey Team

भारतीय पुरुष हॉकी टीम। (Photo - Hockey India)

Asian Games Hockey: भारतीय मेंस हॉकी टीम ने एशियन गेम्स में शनिवार को शानदार प्रदर्शन करते हुए जापान को 2-0 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। यह क्रेग फुल्टन की टीम की ग्रुप-ए में लगातार चौथी जीत है। इस जीत के साथ भारत ने चार मैचों में 12 अंक हासिल किए और सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली।

अभिषेक और कप्तान हरमनप्रीत ने किए गोल

भारत ने जापान के खिलाफ मुकाबले में शुरुआत से ही दबदबा बनाए रखा। पहले क्वार्टर के आखिरी मिनट में अभिषेक ने गोल कर भारत का खाता खोला। दूसरा क्वार्टर दोनों टीमों के लिए बेहद कड़ा रहा और कोई भी टीम गोल करने में कामयाब नहीं हुई।

तीसरे क्वार्टर में कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने 40वें मिनट में दूसरा गोल दागकर भारत की बढ़त दोगुनी कर दी। भारत ने इस बढ़त को मुकाबले के अंत तक बनाए रखा और 2-0 से जीत दर्ज की।

हालांकि, इस दौरान मेजबान टीम जापान के पास गोल करने के कई मौके आए, लेकिन भारतीय गोलकीपर सूरज करकेरा और मोहित एच. एस. ने शानदार बचाव करते हुए जापान के कई शॉट रोके और टीम का क्लीन शीट बरकरार रखा।

जापान की मेंस हॉकी टीम ने पेनल्टी कॉर्नर के बचाव में भी शानदार प्रदर्शन किया। जापानी खिलाड़ियों ने भारतीय ड्रैगफ्लिकर्स को लंबे समय तक गोल करने से रोके रखा। हालांकि, तीसरे क्वार्टर में कप्तान हरमनप्रीत ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में तब्दील कर भारत की बढ़त 2-0 कर दी।

भारत ने चार बार जीता है गोल्ड

भारतीय मेंस हॉकी टीम ने एशियन गेम्स में अब तक चार बार गोल्ड मेडल जीता है। भारत ने 1966, 1998, 2014 और 2023 के संस्करण में गोल्ड मेडल अपने नाम किया है। वहीं, भारत ने 1958, 1962, 1970, 1974, 1978, 1982, 1990, 1994 और 2002 के एशियन गेम्स संस्करण में सिल्वर मेडल जीता है।

भारत के अलावा साउथ कोरिया ने भी चार बार (1986, 1994, 2003 और 2006) गोल्ड मेडल जीता है। वहीं, पाकिस्तान की मेंस हॉकी टीम ने एशियन गेम्स में सबसे अधिक आठ बार गोल्ड मेडल जीता है। पाकिस्तान ने आखिरी बार 2010 में गोल्ड मेडल अपने नाम किया था। पाकिस्तान ने 1958, 1962, 1970, 1974, 1978, 1982, 1990 और 2010 के एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल जीता था।