10 अप्रैल 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

CWG 2018: पिछले मैच की भूल को सुधार कर भारतीय हॉकी टीम ने वेल्स को दी मात

भारतीय हॉकी टीम ने आज राष्ट्रमंडल खेल में अपनी पहली जीत हासिल की। भारत ने बेहद रोमांचक मैच में वेल्स को 4-3 के अंतर से हराया।

2 min read
Google source verification
hockey

नई दिल्ली। गोल्ड कोस्ट (आस्ट्रेलिया) में जारी 21वें राष्ट्रमंडल खेल में रविवार को भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने वेल्स को बेहद रोमांचक मैच में मात दी। एक समय यह मैच ड्रॉ पर समाप्त होता दिख रहा था लेकिन एस.वी सुनील द्वारा आखिरी पल में पेनाल्टी कार्नर रिबाउंड पर किए गए गोल के दम पर भारतीय पुरुष हॉकी टीम टूर्नामेंट में पहली जीत हासिल कर ली। बता दें कि इससे पहले भारत को पाकिस्तान के खिलाफ जीता हुआ मुकाबला ड्रॉ पर खेलना पड़ा था। उस मैच में पाकिस्तान ने अंतिम सात सेकेंड में भारत से जीत छीन लिया था। दूसरे मैच में जीत के साथ भारत पूल-बी में चार अंकों के साथ दूसरे स्थान पर है।

वेल्स के गारेथ ने लगाई हैट्रिक -
वेल्स ने अपने ड्रैग फ्लिकर गारेथ फर्लोग की हैट्रिक के दम पर स्कोर 3-3 से बराबर कर लिया था। भारत जब भी मैच में बढ़त लेता, गारेथ गोल कर अपनी टीम को बराबरी पर ला देते। भारत के लिए पहला गोल दिलप्रीत ने 16वें मिनट में किया। दिलप्रीत ने दाहिने छोर से शानदार डाइव मार भारत को 1-0 से आगे कर दिया, लेकिन एक मिनट बाद ही गारेथ ने वेल्स को बराबरी पर ला दिया।

हरमनप्रीत ने किया गोल -
मनदीप सिंह ने 27वें मिनट में पेनाल्टी कॉर्नर पर रिबाउंड पर गोल कर भारत को एक बार फिर आगे कर दिया। वेल्स को हालांकि बराबरी का गोल करने के लिए 17 मिनट लगे। गारेथ ने स्कोर एक बार फिर बराबर कर दिया। 56वें मिनट में भारत को पेनाल्टी कॉर्नर मिला और इस बार हरमनप्रीत सिंह ने उसे गोल में तब्दील करने में कोई गलती नहीं की। भारत 3-2 से आगे था लेकिन गारेथ ने एक मिनट बाद ही भारतीय गोलकीपर पी.आर. श्रीजेश को मात देकर स्कोर 3-3 से बराबर कर दिया।

जीत के बाद बोले कोच मरेन -
हालांकि भारत का मनोबल गिरा नहीं और उसने आक्रमण जारी रखे और अगले ही मिनट उसे एक और पेनाल्टी कॉर्नर मिला जिस पर सुनिल ने रिबाउंड पर गोल करते हुए भारत को जीत दिलाई। जीत के बाद भारतीय टीम के कोच शुअर्ड मरेन ने कहा कि मैं जीत से खुश हूं लेकिन प्रदर्शन से नहीं क्योंकि हम इससे बेहतर कर सकते थे। हालांकि पाकिस्तान के खिलाफ पहले मैच में हम जिस तरह खेले थे, इस मैच में हम उससे अच्छा खेले। मलेशिया के खिलाफ हमें अपना सर्वश्रेष्ठ खेल खेलना होगा।