ASIAN GAMES: पदक की उम्मीदों को बड़ा झटका, ओलिंपिक स्टार दीपा कर्माकर चोट के चलते बाहर
नई दिल्ली। भारत की स्टार व रियो ओलम्पिक में चौथा स्थान हासिल करने वाली भारतीय महिला जिम्नास्ट दीपा करमाकर घुटने की चोट के कारण यहां जारी 18वें एशियाई खेलों में बुधवार को आर्टिस्टिक टीम स्पर्धा के फाइनल में भाग नहीं लेंगी। दीपा को प्रशिक्षण के दौरान घुटने में चोट लगी। चोट काफी समय से दीपा की परेशानी रही है और इसी कारण वह आस्ट्रेलिया के गोल्ड कोस्ट में हुए 21वें राष्ट्रमंडल खेलों में भी भाग नहीं ले पाई थी। वह टीम स्पर्धा से ही बाहर हुई हैं और वह प्रैक्टिस जारी रखे हुए हैं। अपने बाकी के बचे हुए मुकाबलों में वह खेलते हुए नजर आएंगी।
टीम स्पर्धा से बाहर दीपा- दीपा को यहां पोडियम प्रैक्टिस के दौरान चोट लगी, जिसके कारण उन्होंने आर्टिस्टिक टीम स्पर्धा के फाइनल में हिस्सा न लेने का निर्णय लिया है। हालांकि, वह बीम स्पर्धा के फाइनल में भाग ले सकती हैं।
वॉल्ट इवेंट में क्वालीफाई नहीं कर पाईं- यहां जारी 18वें एशियाई खेलों में जिम्नास्टिक की वॉल्ट स्पर्धा के फाइनल के लिए क्वालिफाई करने से चूक गईं। चोट के कारण राष्ट्रमंडल खेलों से बाहर रहने वाली दीपा क्वालीफिकेशन राउंड में 13.225 के स्कोर के साथ आठवें स्थान पर रहीं। दीपा के अलावा दो अन्य भारतीय खिलाड़ी प्रणति नायक (13.425) और अरुणा बी रेड्डी (13.350) क्रमश: छठे और सातवें स्थान पर रहीं।
बीम के फाइनल में दीपा- हालांकि दीपा 12.750 के स्कोर के साथ बीम फाइनल में जगह बनाने में सफल रहीं। वह सातवें स्थान पर रहीं। स्पर्धा का फाइनल 24 अगस्त को होगा। वहीं टीम स्पर्धा में भारत ने क्वालीफिकेशन में सातवें स्थान के साथ फाइनल का टिकट कटाया। भारत ने 144.300 का स्कोर किया। टीम स्पर्धा का फाइनल गुरुवार को होगा।