
हॉकी चैम्पियंस ट्रॉफी: भारतीय पुरुष टीम का ऐलान, पी.आर. श्रीजेश के हाथों में कमान
नई दिल्ली। नीदरलैंड्स में अगले माह से आयोजित होने वाले राबोबैंक पुरुष हॉकी चैम्पियंस ट्रॉफी ब्रेडा के लिए हॉकी इंडिया (एचआई) ने गुरुवार को 18 सदस्यीय पुरुष हॉकी टीम की घोषणा कर दी है। इस टूर्नामेंट में दिग्गज गोलकीपर पी.आर.श्रीजेश भारतीय टीम की कमान संभालेंगे। पंजाब के जर्मनप्रीत सिंह अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पदार्पण करने जा रहे हैं। बता दें कि श्रीजेश की ही कप्तानी में भारतीय टीम ने इस टूर्नामेंट के पिछले संस्करण में इतिहास रचते हुए रजत पदक हासिल किया था। पिछले 34 वर्षो में भारतीय टीम ने पहली बार चैम्पियंस ट्रॉफी में पदक जीता था।
हम इतिहास रचने की कोशिश करेंगे- श्रीजेश
नीदरलैंड्स में 23 जून से शुरू होने वाले इस टूर्नामेंट के बारे में श्रीजेश ने कहा कि पिछले संस्करण में हम स्वर्ण पदक जीतने के काफी करीब थे। हालांकि, हमें रजत पदक से संतोष करना पड़ा। हमारे लिए यह टूर्नामेंट यादगार था। इस बार भी हम इतिहास रचना चाहते हैं, क्योंकि यह इस टूर्नामेंट का आखिरी संस्करण है।
पहले ही मैच में पाक से भिड़ंत -
इस टूर्नामेंट में भारत अपने सफर की शुरुआत पाकिस्तान के खिलाफ करेगा। भारत औऱ पाकिस्तान का यह हाईवोल्टेज मुकाबला 23 जून को खेला जाएगा। आज घोषित हुए टीम में चिंग्लेसाना सिंह को उप-कप्तानी की जिम्मेदारी दी गई है।
कोच के लिए अग्नि परीक्षा-
भारतीय पुरूष हॉकी टीम के कोच हरेंद्र सिंह के लिए यह टूर्नामेंट अग्नि परीक्षा जैसा है। बता दें कि हॉकी इंडिया ने हाल ही में पुरूष हॉकी और महिला हॉकी टीम के कोच को अदल-बदल दिया है। ऐसे में हरेंद्र सिंह कप्तान पी.आर. श्रीजेश के साथ मिलकर इस टूर्नामेंट को यादगार बनाने की कोशिश करेंगे।
भारतीय पुरुष हॉकी टीम :
गोलकीपर : श्रीजेश प्राटू रवींद्रम (कप्तान), कृष्ण बहादुर पाठक
डिफेंडर : हरमनप्रीत सिंह, वरुण कुमार, सुरेंद्र कुमार, जर्मनप्रीत सिंह, बीरेंद्र लाकड़ा, अमित रोहिदास
मिडफील्डर : मनप्रीत सिंह, चिंग्लेसाना सिंह (उप-कप्तान), सरदार सिंह, विवेक सागर प्रसाद
फारवर्ड : सुनील सोमरपेत विटालाचार्य, रमनदीप सिंह, मंदीप सिंह, सुमित कुमार जूनियर, आकाशदीप सिंह, दिलप्रीत सिंह।
Published on:
31 May 2018, 4:58 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.