
ईशा रिखी हुई बिग बॉस 20 से बाहर, तो लोगों ने किए कमेंट (Photo Source- Twitter/@eishaanix)
Netizens Reaction On Isha rikhi evicted in Bigg Boss 20: रियलिटी शो 'बिग बॉस 20' (Bigg Boss 20) का मंच इन दिनों हर हफ्ते नए मोड़ और चौंकाने वाले एलिमिनेशन का गवाह बन रहा है। 'वीकेंड का वार' के रविवार वाले एपिसोड में शो के होस्ट सलमान खान ने घर से बेघर होने वाले दूसरे प्रतिभागी के नाम का ऐलान कर दिया। पंजाबी एक्ट्रेस और मॉडल ईशा रिखी (Isha Rikhi) कम वोटों के चलते इस हफ्ते 'बिग बॉस 20' के घर से बेघर हो गई हैं। ईशा के बाहर होते ही सोशल मीडिया पर रिएक्शंस की बाढ़ आ गई। जहां कुछ लोग उनके जाने से दुखी हुए, वहीं कई लोग बादशाह को लेकर कमेंट करने लगे और कुछ रीति तिवारी (Riti Tiwari) को लेकर पूछ रहे हैं कि आखिरकार वह शो से कब बाहर होंगी?
इस हफ्ते बेघर होने के लिए नामांकित (Nominated) सदस्यों में ईशा रिखी के साथ रैपर यंग डीएसए (Yung DSA) का नाम भी शामिल था। दोनों ही कंटेस्टेंट पर एलिमिनेशन की तलवार लटक रही थी, लेकिन जनता के वोटों के मामले में यंग डीएसए बाजी मार गए। दर्शकों ने उन्हें भरपूर सपोर्ट दिया, जबकि ईशा रिखी को सबसे कम वोट मिले। इसी कम वोटिंग काउंट के कारण आखिरकार सलमान खान ने ईशा के शो से बाहर होने की घोषणा की।
'बिग बॉस 20' में ईशा रिखी का यह सफर कुल तीन हफ्तों तक चला। इन तीन हफ्तों में ईशा ने घर में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराने की पूरी कोशिश की, लेकिन दर्शकों के बीच उनके खेल को लेकर मिली-जुली राय रही। कई फैंस का मानना था कि इतने टफ कॉम्पिटिशन के बीच ईशा अपनी वो छाप नहीं छोड़ पाईं जिसकी उनसे उम्मीद की जा रही थी। ईशा के लिए यह पहला बड़ा रियलिटी शो अनुभव था, जो तीन हफ्तों में ही सिमट गया।
ईशा रिखी के एलिमिनेशन की खबर सामने आते ही सोशल मीडिया यूजर्स ने कमेंट्स की झड़ी लगा दी। मशहूर रैपर बादशाह (Badshah) के साथ उनके नाम के जुड़ने को लेकर ट्रोलर्स ने तंज कसते हुए लिखा, "ईशा तो बादशाह की जिंदगी से और अब बिग बॉस से भी गईं!" दूसरे ने लिखा, "ये सबसे संतोषजनक एलिमिनेशन था।" एक अन्य ने लिखा, "ईशा को और थोड़े दिन घर में रहना चाहिए था।"
एक अन्य यूजर ने लिखा, "रीति तिवारी को कब बाहर करोगे ये उसके पापा का डर है।" एक और ने आम्रपाली का नाम लेते हुए लिखा, "सलमान सर प्लीज आम्रपाली की क्लास भी लगाओ वो बहुत नेगेटिव है और सिर्फ नेगेटिविटी फैलाती हैं।" एक ने लिखा, "सच में कनिका बहुत ओवरएक्टिंग करती हैं।"
दूसरी तरफ, दर्शकों का गुस्सा मेकर्स और कंटेस्टेंट रीति तिवारी पर फूट पड़ा। लोगों का कहना है कि रीति तिवारी घर में लगातार झगड़े और फिजूल का ड्रामा कर रही हैं, फिर भी उन्हें बचाया जा रहा है। नेटिज़न्स ने कमेंट्स में मेकर्स से सवाल किया, "ईशा जैसी शांत कंटेस्टेंट को बाहर कर दिया, लेकिन रीति तिवारी कब बेघर होगी?"
रोहिद खान और अब ईशा रिखी के बेघर होने के बाद 'बिग बॉस 20' के घर में कुल 14 सदस्य ही बचे हैं। जैसे-जैसे हफ्ते बीत रहे हैं, घर का माहौल और ज्यादा आक्रामक होता जा रहा है। वहीं, रिपोर्ट्स की मानें तो मेकर्स जल्द ही घर में वाइल्डकार्ड (Wildcard) कंटेस्टेंट्स की एंट्री कराने वाले हैं। माना जा रहा है कि नए सदस्यों के आने से घर के मौजूदा गुटों और दोस्ती-दुश्मनी के समीकरण पूरी तरह पलट जाएंगे।
Updated on:
28 Sept 2026 07:27 am
Published on:
28 Sept 2026 06:51 am
बड़ी खबरें
View AllOTT
मनोरंजन
ट्रेंडिंग
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
