भारतीय मौसम विभाग ने आगामी 48 घंटे के लिए कई जिलों में भारी और अति भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। खासतौर पर कोटा, अजमेर, उदयपुर और जयपुर संभाग के कुछ हिस्सों में मूसलधार बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं कुछ स्थानों पर अत्यंत भारी बारिश की आशंका भी जताई गई है, जिससे बाढ़ जैसे हालात बनने की भी संभावना है। यही कारण है कि पूरे प्रदेश में एसडीआरएफ की टीमों को भी राहत एवं बचाव कार्य के लिए तैनात किया गया है। टीमें पिछले कुछ दिनों में कई लोगों की जान बचा चुकी हैं। मौसम विभाग के अनुसार नया मानसूनी सिस्टम पिछले 24 घंटे में पूरी तरह सक्रिय हो गया है, जो अब पश्चिमी राजस्थान की ओर बढ़ रहा है। हालांकि 17 जुलाई से बारिश की गतिविधियों में थोड़ी कमी आने की संभावना है, लेकिन तब तक प्रशासन को पूरी तरह सतर्क रहने को कहा गया है।