भारतीय जनता पार्टी की ओर से तैयार योजना के अनुसार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 17 सितंबर को 70वें जन्मदिन के उपलक्ष्य में पूरे एक सप्ताह तक विभिन्न तरह के सेवा कार्य चलेंगे। सेवा कार्यों का यह सिलसिला 14 सितंबर से लेकर 20 सिंतबर तक चलता रहेगा। हालांकि इस दौरान कोरोना महामारी को भी ध्यान में रखा जाएगा। इस गंभीर चुनौती से निपटने के लिए भाजपा ने कोरोना संक्रमितों को प्लाज्मा की व्यवस्था के लिए रक्तदान शिविरों के आयोजन करने के निर्देश दिए हैं। पार्टी सूत्रों के अनुसार प्रधामंत्री मोदी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय स्तर से लेकर प्रदेश, जिला और मंडल स्तर पर सेवा कार्य होंगे। यही नहीं इस उपलक्ष्य में पार्टी हाईकमान ने हर मंडल में कम से कम 70 जरूरतमंदों की सेवा करने का निर्देश दिया है। इस बीच दिव्यांगों का खास ख्याल रखा जाएगा, जिसके लिए शिविर आयोजित कर उन्हें जरूरी उपकरण दिए जाएंगे।