नई दिल्ली। कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ‘जुमलों का बादशाह’ करार दिया है। बुधवार को कांग्रेस ने आरोप लगाया कि पीएम मोदी चार साल से लगातार देश के किसानों को गुमराह कर रहे हैं। इसी का नतीजा है कि पंजाब में उनकी किसान रैली पूरी तरह असफल रही। कांग्रेस प्रवक्ता प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा कि ‘जुमलों के बादशाह’ मोदी जो बोलते हैं वह करते नहीं हैं। उनकी करनी तथा कथनी में जमीन आसमान का फर्क है और देश का किसान इसे समझ गया है, इसलिए पंजाब में मुक्तसर के मलोट में बुधवार को आयोजित उनकी किसान कल्याण रैली में किसान नहीं आए और सिर्फ भाड़े की भीड़ को ही प्रधानमंत्री ने संबोधित किया।