नई दिल्ली। राफेल विमानों को लेकर जारी राजनीति के बीच शुक्रवार को रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण ने कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि ऐसी राजनीति सुरक्षाबलों के लिए नुकसानदेह होगी। राफेल सौदे में भ्रष्टाचार के आरोपों पर रक्षा मंत्री सीतारमण ने कहा कि वायुसेना को जल्द से जल्द राफेल जैसे हाईटेक विमानों की जरूरत थी। इस वजह से सितंबर 2016 में 36 राफेल विमानों का सौदा तय किया गया। विमान की कीमत पर उन्होंने कहा कि यूपीए सरकार जिन कीमतों पर विमान को खरीदने की योजना बना रही थी, उससे अच्छी कीमतों पर हमने सौदा तय किया है। इस वजह से दामों को लेकर सवाल उठाना दुखद है। उन्होंने यूपीए सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्होंने सुरक्षाबलों के आधुनिकीकरण पर 10 साल तक कोई ठोस फैसला नहीं लिया। ऐसे में अब राफेल पर राजनीति करना सुरक्षाबलों के लिए नुकसानदेह होगा।