
राम मंदिर मुद्दे पर बोले गिरिराज सिंह, मुझे नहीं पता हिंदुओं का सब्र टूटने पर क्या होगा
नई दिल्ली। अयोध्या जमीन विवाद पर सोमवार को सुप्रीम कोर्ट में होने वाली सुनवाई टल गई है। आज नियमित सुनवाई पर फैसला आना था। अब सुनवाई की तारीख जनवरी में तय होगी। मामले की सुनवाई के लिए नई बेंच का भी गठन हो सकता है। वहीं, राम मंदिर के मुद्दे पर सियासत भी खूब हो रही है। राजनीति से प्रेरित बयान दिए जा रहे हैं। अब मोदी सरकार में मंत्री केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने राम मंदिर मसले पर भड़काऊ बयान दिया है।
गिरिराज सिंह ने कहा, 'अब हिंदुओं का सब्र टूट रहा है। मुझे भय है कि हिंदुओं का सब्र टूटा तो क्या होगा।' बता दें कि गिरिराज हमेशा विवादित बयान देकर चर्चा में रहते हैं। रविवार को उन्होंने कांग्रेस नेता शशि थरूर के पीएम मोदी पर दिए बयान की आलोचना करते हुए कहा कि उन्होंने (शशि थरूर) प्रधानमंत्री का ही अपमान नहीं किया, बल्कि करोड़ों हिंदुओं और भगवान शिव को अपमानित किया है। अपनी प्रतिक्रिया के आखिर में गिरिराज सिंह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी अपनी हद को पार कर चुकी है।
फैसला नहीं आने पर कुछ और सोचना होगा: स्वामी
भारतीय जनता पार्टी के राज्यसभा सांसद सुब्रमण्यम स्वामी ने भी राम मंदिर विवाद के संदर्भ में कहा कि हमें दिसंबर तक इंतजार करना चाहिए, उसके बाद कुछ और सोचना होगा। स्वामी ने कहा, " मुझे लगता है कि दिसंबर में हमें समीक्षा करनी चाहिए कि राम मंदिर मुद्दे पर मामला जल्दी स्थगित होता है या फिर कांग्रेस के वकील इस मामले पर देरी के लिए कुछ और आवेदन देते हैं। अगर मामले में देरी होती है तो हमें कुछ और करना पड़ेगा।"
Published on:
29 Oct 2018, 12:40 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.