नई दिल्ली। कांग्रेस नेता शशि थरूर के 'हिन्दू पाकिस्तान' को लेकर आए बयान के बाद सियासी घमासान थमने का नाम नहीं ले रहा है। भाजपा ने इस बयान को लेकर कांग्रेस नेता पर जमकर निशाना साधा है। भाजपा ने कांग्रेस पर सांप्रदायिक पार्टी होने का आरोप लगाया है। भाजपा के प्रवक्ता प्रकाश जावडेकर ने कहा कि कांग्रेस की सोच है कि वह मुस्लिमों की पार्टी है। भाजपा नेता ने कहा कि शशि थरूर ने खुद 'हिन्दू पाकिस्तान' की बात कही है। आपको बता दें कि हाल ही कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने कहा था कि अगर 2019 में भाजपा सत्ता में आती है तो देश को हिन्दू पाकिस्तान बनने से कोई नहीं रोक सकता। शशि थरूर के इस बयान पर जहां कांग्रेस ने किनारा कर लिया है, वहीं भाजपा इसको लेकर हमलावर हो गई है।