
कर्नाटक विधानसभा की कार्यवाही शुरू, प्रोटेम स्पीकर ने दिलाई येदियुरप्पा को सदस्यता की शपथ
नई दिल्ली । कर्नाटक में सियासी उठापटक जारी है। कर्नाटक में भाजपा की सरकार बनी रहेगी या नहीं, इस बात का फैसला आज हो जाएगा। बीजेपी नेता बीएस येदियुरप्पा के लिए शनिवार का दिन कड़ी परीक्षा का है। आज शाम 4 बजे विधानसभा में शक्ति परीक्षण होना है। येदियुरप्पा और सिद्धारमैया समेत करीब सभी विधायक विधानसभा पहुंच गए हैं। विधानसभा की कार्रवाही शुरू भी हो गई है। विधानसभा के सदस्य के तौर पर सीएम येदियुरप्पा ने शपथ ली वहीं सिद्धारमैया ने भी विधानसभा के सदस्य की सदस्यता की शपथ ली। प्रोटेम स्पीकर केजी बोपैया ने शपथ दिलाई है। यहां आप को बता दें कि सुप्रीम कोर्ट ने प्रोटेम की नियुक्ति को रद्द करते हुए कांग्रेस को झटका दिया है। अब तक की परंपरा के मुताबिक पार्टीलाइन से ऊपर उठकर वरिष्ठतम विधायक को प्रोटेम स्पीकर बनाया जाता है। प्रोटेम स्पीकर सभी विधायकों को शपथ दिलाता है और स्पीकर का चुनाव करवाता है। आप को यहां बता दें कि कांग्रेस के दो विधायक विधानसभा से गैरहाजिर बताए जा रहे हैं।
बोपैया ही रहेंगे प्रोटेम स्पीकर
बता दें कि कांग्रेस ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक के.जी. बोपैया को कर्नाटक विधानसभा में प्रोटेम स्पीकर नियुक्त किए जाने के खिलाफ शुक्रवार शाम सर्वोच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाया था। सुप्रीम कोर्ट ने बोपैया की नियुक्ति रद्द करने से इनकार कर दिया। बोपैया को आज विधानसभा में होने वाले शक्ति परीक्षण के लिए प्रोटेम स्पीकर नियुक्त किया गया है, जिसमें वह इसका निर्णय देंगे कि बी.एस. येदियुरप्पा को विधानसभा में बहुमत हासिल है कि नहीं।
बहुमत परीक्षण का होगा लाइव प्रसारण
वहीं कांग्रेस की याचिका पर सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि विधानसभा में बहुमत परीक्षण का लाइव टेलीकास्ट होगा। लाइव टेलीकास्ट को कांग्रेस ने अपनी बड़ी सफलता बताया है। कांग्रेस नेता अभिषेक मनु सिंघवी ने कहा कि लाइव टेलीकास्ट से पारदर्शिता आएगी और ये उनकी जीत है।
Published on:
19 May 2018 12:11 pm
