13 मई 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

कर्नाटक चुनाव: बीजेपी के सीएम उम्मीदवार येदियुरप्पा ने भरा पर्चा, घोटाले के आरोप में दिया था इस्तीफा

बीजेपी के सीएम उम्मीदवार बीएस येदियुरप्पा ने कर्नाटक के शिवामोगा जिले में स्थित अपने गृहनगर शिकारीपुरा विधानसभा सीट से अपना नामांकन भर दिया है।

2 min read
Google source verification

image

Chandra Prakash Chourasia

Apr 19, 2018

Yeddyurappa file nomination

नई दिल्ली। कर्नाटक में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार 75 वर्षीय बी. एस. येदियुरप्पा ने गुरुवार को अपना नामांकन दाखिल कर दिया है। येदियुरप्पा ने शिवामोगा जिले में स्थित अपने गृहनगर शिकारीपुरा विधानसभा सीट से अपना नामांकन भरा है। उनके साथ छत्तीसगढ़ के सीएम रमन सिंह और केंद्रीय मंत्री अनंत सिंह समेत कई दिग्गज मौजूद थे।

घोटाले के आरोप में देना पड़ा था इस्तीफा
बीजेपी पार्टी के प्रवक्ता एस. शांताराम ने बताया कि 12 मई को होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए येदियुरप्पा ने शिकारीपुरा विधानसभा से पर्चा दाखिल कर दिया है। शिवामोगा से सांसद येदियुरप्पा कर्नाटक में वर्ष 2008 से 2011 तक भाजपा के पहले मुख्यमंत्री थे। उन्हें राज्य लोकयुक्त द्वारा पता लगाए गए करोड़ों रुपये के खनन घोटाले की वजह से इस्तीफा देना पड़ा था। वह अपने गृहनगर शिकारीपुरा से वर्ष 1983 से आठ बर चुनाव लड़ चुके हैं।

ये भी पढ़ें: बसवेश्वर भगवान के गले में नहीं पहुंची शाह की माला, हंस पड़े येदियुरप्पा

कई अन्य नेताओं ने भी दाखिल किया नामांकन
वहीं, एक और भाजपा नेता के.एस. ईश्वरप्पा ने शिवामोगा विधानसभा सीट से अपना नामांकन भरा। वह राज्य विधान परिषद में पार्टी के नेता हैं। ईश्वरप्पा वर्ष 2008 से 2013 के बीच राज्य में भाजपा की पहली सरकार में उप मुख्यमंत्री रहे थे। वह शिवामोगा विधानसभा सीट से छठवीं बार चुनाव लड़ रहे हैं। वह वर्ष 2013 में यह सीट कांग्रेस के हाथों हार गए थे। सत्तारूढ़ कांग्रेस सरकार के ऊर्जा मंत्री डी.के. शिवकुमार ने रामनगर जिले के कनकपुरा सीट से अपना नामांकन भरा।

कर्नाटक के रण में बीजेपी-कांग्रेस
कर्नाटक विधानसभा में 224 सीटें हैं। विधानसभा का कार्यकाल 28 मई को समाप्त हो रहा है। वर्तमान में कांग्रेस राज्य की सत्ता में है। कांग्रेस के पास 122 व बीजेपी के पास 43 सीटें हैं। भाजपा कर्नाटक को दक्षिण के प्रवेशद्वार के तौर पर देख रही है, जहां वह अपने आधार को बढ़ाना और 2019 लोकसभा चुनाव के मद्देनजर लोकसभा सीटों के लिए अपनी जड़ें जमाना चाहती है। भाजपा यहां 2008 से 2013 तक सत्ता में रही थी। कांग्रेस ने मौजूदा मुख्यमंत्री सिद्धारमैया को अपना मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार बनाया है, जबकि बीजेपी पूर्व मुख्यमंत्री बी.एस. येदियुरप्पा को मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार के रूप में पेश कर रही है।

27 मार्च को 224 सीटों के लिए मतदान
चुनाव आयोग ने 27 मार्च को कर्नाटक विधानसभा चुनाव के लिए तारीखों की घोषणा कर दी। कर्नाटक विधानसभा चुनाव के लिए मतदान 12 मई को होगा। चुनाव एक ही चरण में होंगे। चुनाव के नतीजों की घोषणा 15 मई को की जाएगी। मुख्य निर्वाचन आयुक्त ओ.पी.रावत ने चुनाव की तारीखों का ऐलान करते हुए कहा कि अधिसूचना की तारीख 17 अप्रेल है और नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख 24 अप्रेल है। नामंकन पत्रों की जांच 25 अप्रेल को होगी और नाम वापस लेने की अंतिम तिथि 27 अप्रेल है।