मोदी ने टीपू जयंती का संदर्भ देते हुए कहा कि सत्तारूढ़ कांग्रेस 'वोट बैंक की राजनीति' के लिए सुलतानों की जयंती मनाने में लगी है। टीपू जयंती को राज्य समारोह के रूप में मनाया जाता है। 18वीं सदी की चित्रदुर्ग राजवंश की महिला ओनेक ओबव्वा का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि दुख की बात है कि कांग्रेस इन बहादुर पुरुषों और महिलाओं को भूलकर सुल्तानों की जयंती मना रही है। ओबव्वा ने मैसूर सल्तनत के राजा हैदर अली के खिलाफ लड़ाई लड़ी थी। भाजपा नीत केंद्र सरकार को 'संवेदनशील सरकार' करार देते हुए मोदी ने कहा कि उनकी पार्टी ने हमेशा अनुसूचित जाति व अनुसूचित जनजाति के कल्याण की चिंता की है। उन्होंने कहा कि यह वक्त कर्नाटक से कांग्रेस को अंतिम विदाई देने का है, जो लोगों के कल्याण को लेकर चिंतित नहीं है।