नई दिल्ली। कर्नाटक विधानसभा चुनाव से पहले राज्य में राजनीतिक पार्टियां ताबड़तोड़ रैलियां और जनसभाएं कर रही हैं। शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्य में चार चुनावी रैलियों को संबोधित किया। इस दौरान पीएम मोदी ने कांग्रेस और जेडीएस पर जमकर निशाना साधा। शिवमोगा रैली को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि शिवमोगा के साथ मेरा विशेष संबंध रहा है। उन्होंने कहा कि मैं राजनीति में काफी देर से जुड़ा हूं। जब 1991 में कन्याकुमारी से कश्मीर तिरंगा यात्रा पर निकले थे तब मुझे शिवमोगा को संबोधित करने का पहला अवसर मिला था। उन्होंने कहा कि शिमोगा ने मुझे बहुत प्रेम दिया है, जिसको मैं हमेशा याद रखूंगा। पीएम ने कहा कि कांग्रेस फूट डालो और शासन करो की नीति पर काम कर रही है। देश को जाति, धर्म व क्षेत्र के नाम पर बांटा जा रहा है।