
नई दिल्ली। कर्नाटक में बीजेपी के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार बीएस येदियुरप्पा ने एक बेहद विवादित बयान दिया है। एक रैली को संबोधित करते हुए येदियुरप्पा ने कार्यकर्ताओं से कहा कि जो लोग वोट नहीं करना चाहते हैं, उनके घर जाओ और हाथ-पैर बांधकर लाओ। बीजेपी प्रत्याशी के इस बयान पर कांग्रेस ने कड़ी आपत्ति जाहिर की है।
हाथ-पैर बांध कर डलवाओ वोट:येदियुरप्पा
न्यूज एजेंसी एएनआई के मुताबिक कर्नाटक के बेलगामी में येदियुरप्पा एक जनसभा को संबोधित कर रहे थे। यहीं पर उन्होंने कहा, 'अब आराम से मत बैठे। अगर आपको लगता है कि कोई वोटिंग नहीं कर रहा है, तो उसके घर जाओ और उसके हाथ-पैर बांधकर लाओ और उससे महांतेश दोद्दागोडर के पक्ष में वोट दिलवाओ।'
कित्तूर से महांतेश दोद्दागोडर हैं बीजेपी प्रत्याशी
बात दें कि बीजेपी ने महांतेश दोद्दागोडर को कित्तूर विधानसभा सीट से प्रत्याशी बनाया है। बीएस येदियुरप्पा 12 मई को होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए महांतेश के पक्ष में चुनाव प्रचार कर रहे थे।
येदियुरप्पा के बयान पर भड़की कांग्रेस
कांग्रेस ने बीजेपी के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार बीएस येदियुरप्पा के इस बयान पर तीखा हमला बोला है। कांग्रेस प्रवक्ता प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा कि येदियुरप्पा ने भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में मतदान नहीं करने वालों को सार्वजनिक धमकी दी है। प्रियंका ने बीजेपी को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि लोकतंत्र और संविधान के सम्मान का दावा करने वाली पार्टी की ओर से आया यह बयान बेहद हैरान करने वाला है।
मोदी ने अंग्रेजों से की कांग्रेस की तुलना
वहीं दूसरी ओर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शिवमोगा में कांग्रेस पर भ्रष्टाचारियों, अपराधियों और रेत माफियाओं को बढ़ावा देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में अंग्रेजों की तरह ‘बांटो और राज करो’ की नीति पर चल रही है इसलिए उसे कर्नाटक की सत्ता से बाहर करना जरूरी है। मोदी ने बीजेपी के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार बी एस येदियुरप्पा और वरिष्ठ नेता ईश्वराप्पा तथा अन्य उम्मीदवारों के चुनाव क्षेत्रों से यहां जुटी विशाल जनसभा को संबोधित कर रहे थे।
Updated on:
05 May 2018 07:04 pm
Published on:
05 May 2018 07:41 pm
बड़ी खबरें
View Allराजनीति
ट्रेंडिंग
