
'मां और बेटा जमानत पर बाहर हैं ?’
हुबली में पीएम मोदी ने शहीद हनुमनथप्पा को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि हुबली के लोग ऐसे ही वीर हैं। इस पर हिंदुस्तान के लोग गर्व करते हैं, लेकिन कांग्रेस पार्टी सर्जिकल स्ट्राइक पर सवाल करती है। साथ ही पीएम मोदी ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी पर भी सीधा हमला बोला। उन्होंने कहा कि येदियुरप्पा को अदालत ने बरी कर दिया है, लेकिन कांग्रेस के नेता अनर्गल आरोप लगाने से बाज नहीं आते हैं। पीएम मोदी ने राहुल गांधी और सोनिया गांधी को घेरते हुए कहा कि , ''मैं मर्यादा तोड़ना नहीं चाहता हूं, लेकिन जब आप सीमाएं तोड़ रहे हैं, तो कांग्रेस के नेताओं से पूछ रहा हूं कि जरा बताइए कि क्या कांग्रेस की नेता मां और उनका बेटा जमानत पर बाहर हैं? आपको जमानत क्यों लेनी पड़ी?'' मोदी ने कहा कि जिस कांग्रेस के प्रमुख जमानत पर छूटे हों, वो हमसे सवाल पूछ रहे हैं।
सर्जिकल स्ट्राइक के सबूत मांगती है कांग्रेस – PM मोदी
कर्नाटक में जमखंडी में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा, ''जब देशभक्ति, राष्ट्रवाद, राष्ट्रीय गीत के बारे में चर्चा की जाती है, तो कुछ लोगों को परेशानी भी होती है। देशभक्ति के ज्वर ने आजादी दिलाई. अगर हम देशभक्ति के द्वारा महाआंदोलन खड़ा करने की कोशिश करते हैं, तो कांग्रेस के नेताओं को देशभक्ति से बू आने लगती है और उनको बुखार आने लग जाता है। 'भारत तेरे टुकड़े होंगे' के नारे लगाने वाले और सेना की सर्जिकल स्ट्राइक के सबूत मांगने वालों को कांग्रेस के नेता आशीर्वाद देने पहुंच जाते हैं। साथ ही पीएम ने कांग्रेस को दलितों के मुद्दे पर भी घेरते हुए कहा कि, “ जीतना या हारना के लिए चुनाव का एक हिस्सा है। अपनी हार स्वीकार करनी चाहिए। लेकिन कांग्रेस नेता 'नामदार' हैं। उन्होंने हम 'कामदारों' को बधाई नहीं दी। उनका ऐसा अहंकार है कि उन्होंने राष्ट्रपति को जीत पर शिष्टाचार कॉल भी नहीं की। हमने एक दलित को राष्ट्रपति बनाया, लेकिन एक साल बाद भी सोनिया जी ने उन्हें एक शिष्टाचार कॉल तक नहीं किया और आज दलितों की बात करते हैं।"
'कांग्रेस बांटो और राज करो वाली पार्टी है'
रायचूर में रैली को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि बीजेपी विकास को समर्पित है और कांग्रेस विकास के विरोध में है। बीजेपी सबका साथ-सबका विकास सोचती है और कांग्रेस एक परिवार के लिए सबकुछ करना चाहती है। बीजेपी भ्रष्ट व्यवस्था के खिलाफ है तो कांग्रेस भ्रष्टाचारियों को समर्थन देती है। कांग्रेस बांटो और राज करो वाली पार्टी है। साथ ही पीएम ने कहा कि हम किसानों के लिए काम करने वाले लोग हैं, कांग्रेस झूठे वादे करने वाली पार्टी है। उनके पास वादों का हिसाब का नहीं है। सिर्फ आरोप लगाते हैं। पीएम मोदी ने भाजपा को वोट की अपील करते हुए कहा कि देश के हर कोने से कांग्रेस चली गई, कर्नाटक से भी इनका सफाया होना चाहिए। अब कर्नाटक को कोई नहीं बचा सकता।
जो वेलफेयर नहीं करते, उनका फेयरवेल होना चाहिए- PM मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कर्नाटक के चित्रदुर्ग में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि चित्रदुर्ग की धरती जय जवान, जय किसान और जय विज्ञान का मंत्र लागू है और यहां से देश के लिए मर-मिटने वाले जवान भी आए हैं। यह धरती वैज्ञानिकों की है। इसरो की चित्रदुर्ग यूनिट में ही चंद्रयान-2 की तैयारी हो रही है। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए पीएम ने कहा कि जो वेलफेयर नहीं करते, उनका फेयरवेल होना चाहिए। पीएम मोदी ने ये भी कहा कि कांग्रेस के नेता नहीं जानते कि उन्हें क्या याद रखना चाहिए और किस बात का उत्सव मनाना चाहिए। वे सुल्तानों की जयंती मनाने में आगे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस वोट बैंक की राजनीति की वजह से इतिहास की बहादुर महिलाओं और पुरुषों के बारे में भूल गई। कांग्रेस ने चित्रदुर्ग के लोगों का अपमान किया है।
Published on:
06 May 2018 09:27 pm
बड़ी खबरें
View Allराजनीति
ट्रेंडिंग
